निगोहा में DCM ने कार को मारी टक्कर, महिलाओं की मौत, मां-बेटे घायल

आरयू संवाददाता,लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया है। निगोहा थाने के सामने डीसीएम और क्रेटा कार की टक्कर में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार निगोहां थाने के सामने डीसीएम की टक्‍कर से बेकाबू कार ने सड़क पर चल रहीं सुनीता और रेशमा को टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों कार के नीचे आ गईं और कुचलने से गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसके बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे करीब आठ फीट गहरे खुले नाले में जा गिरी।

चीख-पुकार सुनकर पुलिसकर्मी और राहगीर दौड़े। घायल सुनीता और रेशमा को आनन-फानन क्षेत्र स्थित अस्पताल ले जाया गया। जहां, डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे मां-बेटे को निकाला। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें भी अस्पताल भेजा गया।

दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके बाद क्रेन मंगवाकर कार को खाई से निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। इंस्पेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कार सवारों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। उनका इलाज चल रहा है। दोनों मां-बेटे हैं। बस इतना पता चला है और जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, चार पुलिसकर्मियों समेत पांच की मौत, तीन घायल

स्थानीय लोगों के अनुसार क्रेटा कार में डीसीएम ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे क्रेटा कार बेकाबू हो गई और वह दो राहगीर महिलाओं को रौंदते हुए हाईवे के नीचे खाईं में जाकर पलट गई। इससे दोनों राहगीर महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कार सवार मां-बेटे घायल हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कार हाईवे किनारे पानी निकासी के लिए बनाए गए नाले में गिरी है। नाले के दो ढक्कन लंबे समय से खुले पड़े हैं। कई बार इसकी शिकायत भी की गई पर कोई सुनवाई नहीं हुई। आए दिन हादसे होते रहते हैं। बावजूद इसके उच्चाधिकारी और हाईवे अथारिटी ध्यान नहीं दे रहा है।

यह भी पढ़ें- भिंड में भीषण सड़क हादसा, बस-डंपर की टक्कर में दो महिलाओं समेत सात की मौत, 13 घायल