अमेरिका से ट्रेड डील पर खड़गे ने मोदी सरकार से मांगा स्पष्टीकरण, कहा देश की 140 करोड़ जनता को जानने का हक

मल्लिकार्जुन खड़गे

आरयू वेब टीम। कांग्रेस ने मोदी सरकार से अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर स्पष्टीकरण की मांग की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस व्यापार समझौते में पारदर्शिता की कमी बताई है। साथ ही कहा कि इस समझौते को लेकर कई सवाल है जिसका जवाब मोदी सरकार ने अभी तक नहीं दिया है। इस डील के बारे में जानना 140 करोड़ जनता का हक है।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने बुधवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि, “भारत और अमेरिका कई सालों से एक बड़ी ग्लोबल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप का आनंद ले रहे हैं, जो शेयर्ड वैल्यूज पर आधारित है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के समय साइन की गई इंडो-यूएस न्यूक्लियर डील आपसी तरक्की के लिए हमारे कमिटमेंट का एक बड़ा उदाहरण है।” आगे कहा कि “कांग्रेस-यूपीए सरकार इस लैंडमार्क डील के अलग-अलग एग्रीमेंट्स पर साइन करते समय रेगुलर तौर पर पार्लियामेंट को भरोसे में लेने के अपने तरीके में ट्रांसपेरेंट थी। इसकी तुलना आज के हालात से करें, जहां देश को प्रेसिडेंट ट्रंप द्वारा अनाउंस की गई ट्रेड डील के बारे में कोई भी बात नहीं पता है।“

कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए कहा कि पीएम का पोस्ट टैरिफ को 18 प्रतिशत तक कम करने के लिए उन्हें धन्यवाद देने पर था, लेकिन डील के बारे में कुछ भी नहीं बताया। खड़गे ने आरोप लगाया कि संसद का सेशन चल रहा है, लेकिन मोदी सरकार ने डील के बारे में बात करने के लिए एक बाहरी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया, बिना कोई डिटेल्स बताए।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार से तीन सवाल कर कहा कि इस व्यापार समझौते संबंधित तीन ऐसे सवाल हैं जिसका जवाब अभी भी नहीं मिला है। पहला “क्या भारत ने यूएस के दबाव में किसी भी तरह से कॉम्प्रोमाइज किया है? क्या हम अमेरिकी इंपोर्ट पर जीरो टैरिफ पर सहमत हुए हैं, जैसा कि मिस्टर ट्रंप ने दावा किया है?”

यह भी पढ़ें- राज्यसभा में PM मोदी पर खड़गे का हमला, 56 इंच की छाती का क्या फायदा, चीन घुस आया

दूसरा “क्या हमारे किसान सुरक्षित रहेंगे? क्या हमने अपने खेती के सेक्टर को यूएस एग्री मार्केट के लिए पूरी तरह या थोड़ा खोल दिया है? तीसरा “क्या भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा? इस बारे में भारत ने रूस को क्या बताया है?” कांग्रेस अध्यक्ष ने अंत में कहा कि इस व्यापार समझौते से जुड़ी इन सारी बातों को “संसद और भारत के 140 करोड़” लोगों को यह जानने का हक है।

दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हो गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि उन्हें खुशी है कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर अब 18 प्रतिशत का कम शुल्क लगेगा। कांग्रेस सरकार से इस समझौते को लेकर स्पष्टीकरण की मांग कर रही है।

यह भी पढ़ें- ट्रंप के ऐलान पर बोले संजय सिंह, तेल-कृषि दोनों में सरेंडर, अमेरिका से हो रहे भारत के फैसले