महापंचायत में अखिलेश ने कहा, भाजपा सरकार ने किसान व नौजवान को किया अपमानित

भाजपा सरकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया ने शनिवार को एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में कोई नहीं बचा है, जिसे परेशानी न हुई हो। उन्‍होंने कहा कि भाजपा को परवाह नहीं कि किसान क्या चाहते हैं? नौजवानों का भविष्य अंधकार में है। किसान-नौजवान दोनों को भाजपा सरकार ने अपमानित किया है।

योगी सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी देश को आगे ले जाना चाहते हैं, जबकि भाजपाई पीछे ले जाना चाहते हैं। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री जी का सबसे बड़ा काम है नाम बदलना। वे अपने किए उद्घाटन का भी उद्घाटन कर देते हैं।

किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए अखिलेश ने आगे कहा कि अब किसान और नौजवान मिलकर भाजपा सरकार को कुर्सी से उतारने के लिए संकल्पित है। वहीं लोकतंत्र को बचाएंगें और भाजपा के जाने पर ही किसान विरोधी कानून वापस होंगे। सपा की सरकार बनने पर लोगों की तरक्की और खुशहाली के रास्ते खुलेंगे।

भाजपा के साथ अन्य दलों से भी रहना होगा सावधान

इस दौरान सपा सुप्रीमो ने आगाह करते हुए कहा कि हम सबको भाजपा के साथ अन्य दलो से भी सावधान रहना होगा। भाजपाई साजिशें करते हैं। नफरत फैलाते हैं। हमें समझदारी से काम करना होगा। सपा किसी बड़े दल से गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा हम आप दोनों धोखा खाए हैं। अब आगे धोखा नहीं खाएंगे, बल्कि धोखा देने वालों को सबक सिखाएंगे।

किसानों के आंदोलन को बदनाम कर रही भाजपा

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा किसानों के आंदोलन को बदनाम कर रही है। उन्हें देशद्रोही, आतंकवादी, गुण्डा, दलाल, चीन-पाक के एजेन्ट तक कहा गया है। किसान हक मांग रहे है और भाजपा सरकार आंख-कान बंद किए हुए है। इतना अपमान कभी किसानों का किसी सरकार ने नहीं किया। भाजपा सरकार ने उद्योगपतियों के लाभ के लिए किसानों पर तीन कृषि कानून थोप दिए। जिनके पास खेत नहीं वह किसानों के लिए कानून बना रहे हैं। किसान अपनी फसल और जमींन बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। यह परिवर्तन की लड़ाई है। सभी लोगों को जोड़कर यह काम किया जाएगा।

झूठे आंकड़े बताती है सरकार

यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री ने कहा कि सरकार झूठे आंकड़े बताती है। वह नहीं बताती कि एमएसपी कितने किसानों को मिला? मंहगाई बढ़ी है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से अन्य दूसरे सामान भी मंहगे हो गए हैं। बिजली का उत्पादन एक भी यूनिट नहीं किया गया और नहीं एक बिजली घर लगाया गया। सरकार तो रेल, हवाई अड्डा, बंदरगाह, सभी कुछ बेच रही है। इसी तरह ईस्ट इंडिया कंपनी आई थी जो व्यापार करते-करते सरकार बन गई और अंग्रेजों ने भारत को गुलाम बना लिया। अब भाजपा के लोग सरकार को कंपनी बना रहे हैं।

सपा कार्यालय का किया शिलान्यास

अखिलेश यादव आज कासगंज, एटा में आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर अखिलेश ने सपा कार्यालय का शिलान्यास किया। महापंचायत में लाखों किसान, नौजवान मौजूद थे। इसका आयोजन महान दल के सहयोग से किया गया। महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्या ने अपने समर्थकों से कहा कि वे साइकिल निशान लेकर आने वाले किसी भी प्रत्याशी का पूरा समर्थन करें।

किसान महापंचायत में पूर्व सांसद सर्वश्री सलीम शेरवानी, धर्मेन्द्र यादव, रामजी लाल सुमन, चौधरी ब्रजेंद्र सिंह, कासगंज जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, राकेश राजपूत के अतिरिक्त डॉ. राजपाल कश्यप तथा उदयवीर सिंह एमएलसीगण भी मौजूद रहे।