अखिलेश के समर्थन में खुलकर उतरे मुलायम, भाजपा पर भी बोला हमला

अखिलेश के समर्थन में मुलायम
सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते मुलायम सिंह यादव साथ में अखिलेश यादव। (फोटो-आरयू)

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। कभी भाई शिवपाल सिंह यादव तो कभी बेटे अखिलेश यादव की पार्टी के साथ खड़े नजर आ रहे सपा संस्‍थापक मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को अखिलेश यादव का खुलकर समर्थन करते हुए लोकसभा चुनाव में सपा को जीत दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है।

आज सपा मुख्‍यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि सपा और अन्य पार्टियों में अंतर है, सपा अपना वादा निभाती है। सपा सरकार में मुफ्त दवाई, पढ़ाई, सिंचाई की व्यवस्था थी। किसानों को सुविधाएं थी। नौजवानों को रोजगार मिला। भाजपा सरकार ने जनता को धोखा दिया है। हर व्‍यक्ति के खाते में 15 लाख रुपए जमा करने का वादा किया पर एक पैसा नहीं आया। अच्छा होता पांच-पांच या फिर तीन-तीन लाख रुपए की किश्तों में ही जनता को पैसा दे देती।

यह भी पढ़ें- मुलायम के साथ अखिलेश ने दी एनडी तिवारी को श्रद्धांजलि

मुलायम सिंह ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी ने 17 छोटी जातियों, समाज के कमजोर वर्गों और खासकर महिलाओं तथा नौजवानों को वरीयता तथा सम्मान दिया है। भाजपा ने एक भी जनहित का काम नहीं किया है। समाजवादी सरकार की उपलब्धियों को लेकर चुनाव में जाने पर जीत अवश्य मिलेगी।

भाजपाई जो मुद्दा चाहते है उसे…

वहीं इस दौरान अखिलेश यादव भी भाजपा को निशाने पर लेते हुए बोले कि पूरा देश जान गया है कि भाजपा ने लोगों को ठगा है। जिनसे मुकाबला है, उनमें असली मुद्दों से ध्यान बंटाने की ताकत है। भाजपाई जो मुद्दा चाहते है उसे ही सोशल मीडिया, टीवी और समाचार पत्रों में प्रचारित कर देते हैं, जिसके चलते सच-झूठ का पता आसानी से नहीं चल पाता। इसलिए हमें सावधान रहना है। साथ ही वोटिंग के समय जनता दूसरी बातों में भी फंस जाती है, हमें उससे भी सचेत रखना है।

बैलट पेपर से चुनाव की मांग

वहीं आज एक बार फिर ईवीएम पर विरोध जताते हुए यूपी के पूर्व सीएम ने आगे कहा कि अगामी लोकसभा चुनाव में जीत के लिए वोट बढ़ाना और बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती जरूरी है। ईवीएम पर भी शक है। हम बैलट पेपर से चुनाव की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने किया ऐलान, कन्नौज से खुद तो मैनपुरी से मुलायम सिंह लड़ेगे 2019 का लोकसभा चुनाव

इस अवसर पर हिन्दी संस्थान के पूर्व अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, सपा के प्रदेश अध्यक्ष  नरेश उत्तम पटेल, पूर्व सांसद श्रीराम सिंह शाक्य, छोटे सिंह, पूर्व विधायक महबूब अली, तेलंगाना के सपा अध्यक्ष प्रो. एस. सिमहाद्री, झारखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष केश्‍वर यादव उर्फ रंजन, छत्‍तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष तनवीर अहमद समेत सपा के तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।