कुलदीप सेंगर की जमानत के खिलाफ जंतर-मंतर के बाहर प्रदर्शन, पीड़िता व रेपिस्ट समर्थक बीच तीखी बहस

कुलदीप सेंगर
पीड़िता के साथ प्रदर्शन करतीं महिलाएं।

आरयू वेब टीम। उन्नाव रेप केस में हाई कोर्ट के फैसले का उन्नाव रेप पीड़िता लगातार विरोध कर रही है। इस बीच रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर रेप पीड़िता और उनकी मां प्रदर्शन करने पहुंचीं। पीड़िता की मां ने कुलदीप सेंगर के लिए फांसी की मांग करते हुए नारे लगाए। इस दौरान कुलदीप सेंगर के समर्थन में आए लोगों और पीड़िता के समर्थकों के बीच तीखी बहस हुई।

दरअसल पीड़िता ने सीबीआइ द्वारा हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दिए जाने पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि वहां से न्याय मिलेगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अगर सीबीआइ ने पहले ही सख्त कदम उठाया होता, तो दोषी को जमानत नहीं मिलती। उन्होंने भावुक होकर बताया कि उनके परिवार को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ा है।

पीड़िता का कहना है कि उनके परिवार के सदस्यों और गवाहों की सुरक्षा हटा ली गई है। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि उनके पति की नौकरी चली गई और उनके बच्चे भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। साथ ही कहा कि वह केवल अपने लिए नहीं, बल्कि हर महिला के लिए आवाज उठा रही हैं। उनका कहना है कि जब तक उन्हें पूरा न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। अब सभी की नजरें सुप्रीम कोर्ट के अगले फैसले पर टिकी हैं।

बताया जा रहा है कि जंतर-मंतर पर आज उन्नाव रेप केस के दोषी कुलदीप सेंगर की जमानत के विरोध में पीड़िता व उसकी मां प्रदर्शन करने पहुंची। जिनके समर्थन में काफी संख्या में यहां महिलाएं जुटी हुई। दूसरी ओर कुलदीप सेंगर का समर्थन करने आए लोगों के बीच बहस छिड़ गई है। इस दौरान कुलदीप सेंगर के समर्थन में एक महिला हाथ में बैनर लेकर पहुंची। इस बैनर पर ‘आई सपोर्ट कुलदीप सेंगर’ लिखा था। इस महिला को देखकर पीड़िता के समर्थन में आए लोगों के बीच बहस छिड़ गई

इस पर कुलदीप सेंगर के समर्थन में महिला ने कहा कि रेप पर राजनीति मत करिए। रेप पर राजनीति करना बंद करो।
कुलदीप सिंह सेंगर के समर्थन में आई महिला पुरुष आयोग की सदस्य बताई जा रही है। वहीं पीड़िता समर्थक योगिता भयाना ने कहा कि मुझे लगता है उन्हें थोड़ा ट्रीटमेंट की जरूरत है। वह मानसिक रूप से मुझे ठीक नहीं लग रही हैं।

वहीं प्रदर्शन के दौरान भीड़ में से एक व्यक्ति भाजपा के समर्थन में नारे लगाने लगा। इससे पीड़िता की मां ने आपत्ति जताई। नारेबाजी और बहस के बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला। स्थिति बिगड़ती देख दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से उन्हें प्रदर्शन स्थल से कुछ दूर भेज दिया।

यह भी पढ़ें- कुलदीप सेंगर की सजा निलंबित करने के खिलाफ पीड़िता के परिवार ने हाई कोर्ट के बाहर किया प्रदर्शन

दरअसल, 2017 के उन्नाव बलात्कार मामले में दोषी ठहराए गए कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा को दिल्ली हाई कोर्ट ने निलंबित कर दिया था। इसी आदेश के विरोध में जंतर-मंतर पर यह प्रदर्शन हो रहा था। पीड़िता और उनके समर्थकों का कहना है कि इस फैसले से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है।

यह भी पढ़ें- नाबालिग से रेप के दोषी कुलदीप सेंगर की सजा निलंबित, मिली सशर्त जमानत