आरयू ब्यूरो,
लखनऊ। दस साल तक मनमोहन सरकार सपा व बसपा के कंधो पर चली। सपा-बसपा-कांग्रेस ने जनता के हितों की चिंता न करते हुए सिर्फ अपने परिवारों की चिंता की। ये पार्टियां परिवारवाद, सामंतवाद, जातिवाद और संप्रदायवाद को ही अपना धर्म मानती रही।
ये बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आइजीपी) में बीजेपी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। शनिवार को आइजीपी में आयोजित ‘लोकसभा चुनाव योजना बैठक’ में प्रदेश अध्यक्ष ने आगमी अभियानों की जानकारी देते हुए कहा कि 2019 चुनाव को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को अपने बूथ को मजबूत करना है।
उन्होंने आगे कहा कि सभी बूथों के गठन के साथ-साथ मतदाता सूची को दुरूस्त करने का कार्य नए मतदाताओं को फार्म भरवाकर मतदाता सूची में जोड़ने का कार्य तथा फर्जी वोटरो की जानकारी चुनाव आयोग को देने का काम करना होगा, जिससे कि लोकसभा चुनाव पूरी पारदर्शिता व अधिक से अधिक मतदाता मतदान कर सकें।
वहीं नरेंद्र मोदी और अमित शाह का जिक्र करते हुए महेंद्र पाण्डेय बोले कि जिस देश का प्रधानमंत्री व पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष विश्राम न करता हो उस पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी बिना आराम किए जनकल्याण के कार्यो में लगे रहना चाहिए।
पटेल की जंयती किया जाएगा ‘रन फार यूनिटी‘ का आयोजन
दूसरी ओर भाजपा भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने कहा कि प्रदेश के कार्यकर्ताओं द्वारा सरदार पटेल की जंयती के अवसर पर सभी जिलों में ‘रन फार यूनिटी‘ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता हो, उसे सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की 182 मीटर उंची प्रतिमा का लोकार्पण 31 अक्टूबर को गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
यह भी पढ़ें- हर बूथ पर 50 नए सदस्य बनाएगी भाजपा, लोकसभा चुनाव को लेकर तेज की तैयारी
इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापतिराम त्रिपाठी, प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, विजय बहादुर पाठक, सलिल विश्नोई विश्नोई, अशोक कटारिया, गोविंद नारायण शुक्ला, नीलिमा कटियार के अलावा सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष व क्षेत्रीय संगठन मंत्री उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर ने किया।




















