लखनऊ की निर्वाण संस्था में जहरीला खाना खाने वाले चौथे बच्‍चे की भी मौत, 70 मासूमों की बिगड़ी थीं तबियत, दर्जनों का इलाज जारी

निर्वाण संस्था
बच्चों का हाल जानती मंडलायुक्त रोशन जैकब।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में निराश्रित मानसिक मंदित बालक-बालिकाओं को आश्रय देने वाली निर्वाण संस्था में जहरीला खाना खाने के बाद बच्चों की तबीयत खराब होने से गुरुवार को एक और मासूम की मौत हो गई। अब तक कुल चार बच्चों की मौत हो चुकी है। सूचना पाकर मंडलायुक्त रोशन जैकब और डीएम विशाख जी लोकबंधु अस्पताल पहुंचे और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

हालांकि बेसहारा मासूमों की जान लेने वाली इस घटना के जिम्‍मेदारों का चेहरा सामने नहीं आया है और न ही इस बात का पता चल सका है कि बच्‍चों दिया जाने वाला उनके लिए विषाक्‍त पदार्थ में कैसे बदल गया।

दरअसल मोहान रोड स्थित निर्वाण संस्था में चार दिन पहले 70 मानसिक मंदित बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। आनन-फानन में 24 बच्चों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सोमवार को एक बच्चे और मंगलवार को दो बच्चियों की मौत हो गई। वहीं गुरुवार की सुबह एक और बच्चे ने दम तोड़ दिया अन्य का इलाज चल रहा है। छह बच्चों को डिस्चार्ज किया जा चुका है।

मिली जानकारी के अनुसार खाना खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी थी। बुधवार को भी जिलाधिकारी ने अपनी टीम के साथ संस्था पहुंचकर निरीक्षण किया। संस्था संचालक, अधीक्षिका व कर्मचारियों से मामले की जानकारी ली।

यह भी पढ़ें- तेज रफ्तार स्कूल बस पलटने से छह बच्चों की दर्दनाक मौत, दर्जनों घायल, दस की हालत गंभीर

बताया जा रहा है कि 22 मार्च की रात खाना-खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी थी। एक के बाद एक बीमार हुए सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को 12 साल के शिवांक की मौत हो गई थी। मंगलवार को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती रेनू (15) और दीपा (12) ने भी दम तोड़ दिया।

वहीं संस्था प्रशासन की मानें तो बीती शनिवार रात बच्चों को सामान्य भोजन दिया गया था। कुछ देर बाद तीन-चार बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। उनको पेट दर्द और उल्टियां होने लगीं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ देर बाद अन्य बच्चे उल्टी करने लगे। कुल 24 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से छह स्वस्थ हो चुके हैं। 46 ऐसे बच्चे भी हैं जिनका इलाज संस्था परिसर में ही सीएमओ की टीम कर रही है। इनका स्वास्थ्य भी अब बेहतर है।

पोस्‍टमॉर्टम में भी नहीं पता चली मौत की वजह

प्रशासन ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। विसरा और हार्ट प्रिजर्व किया गया है। विसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा। हालांकि फूड पॉइजनिंग की आशंका है। वहीं इसे किसी बड़ी साजिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

एक साथ अस्‍पताल नहीं पहुंचे थे मासूम

दूसरी ओर इस संबंध में लोकबंधु अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने मीडिया को बताया कि कुल 24 बच्चे दो-दो और तीन-तीन करके लाए गए। इन बच्चों को संक्रमण की वजह से उल्टी और दस्त की समस्या थी। इनमें से तीन बच्चों की मौत हो गई है। छह बच्चे डिस्चार्ज हो गए हैं। अभी 15 बच्चों का इलाज चल रहा है। संक्रमण की वजह दूषित भोजन या पानी हो सकता है।

सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि बच्चों के बीमार होने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी गई थी। संस्था में 70 बच्चे बीमार थे। इनमें से 24 को लोकबंधु अस्पताल भेजा गया। बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ: बालगृह में चार बच्चियों की मौत से हड़कंप, अधीक्षक निलंबित, जांच का आदेश