लखनऊ में भाजपा विधायक का निधन, स्‍थागित हुआ यूपी विधानमंडल का सत्र

जन्मेजय सिंह
जन्मेकजय सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। लखनऊ के लोहिया अस्‍पताल में भाजपा विधायक जन्‍मेजय सिंह का निधन हो गया है। 75 वर्षीय जन्‍मेजय सिंह देवरिया जिले की सदर सीट से भाजपा विधायक थे। निधन के चलते शुक्रवार को यूपी  विधानमंडल के मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है। सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले हुई सर्वदलीय बैठक में ये फैसला लिया गया।

जन्‍मेजय सिंह के परिजन के अनुसार कल उनकी तबीयत खराब होने पर पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया था। जहां रात करीब दस बजे हालत बिगड़ने पर उन्‍हें लोहिया संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया। लोहिया में मेडिसिन के डॉक्टरों ने बीजेपी विधायक की हालत को देखते हुए कार्डियोलॉजी विभाग रेफर किया।

यह भी पढ़ें- UP विधानमंडल सत्र के पहले दिन कानून-व्यवस्था व कोरोना के मुद्दे को लेकर सपा विधायकों ने किया प्रदर्शन

लोहिया संस्थान के प्रवक्‍ता और एमएस डॉ. विक्रम सिंह के मुताबिक जन्‍मेजय सिंह को पेस मेकर लगाया जा रहा था इसी दौरान हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया।

इससे पहले सिविल अस्पताल में उनकी कोरोना वायरस संक्रमण की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। विधायक जन्मेजय सिंह इससे पहले बसपा से भी विधायक रह चुके थे।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री व पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान की अस्‍पताल में मौत, कोरोना संक्रमित पाए जाने पर किया गया था भर्ती