आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कोहरे के चलते लखनऊ में स्कूलों का समय बदल दिया गया। जिलाधिकारी विशाख जी ने आदेश जारी करते हुए कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है। आदेश के अनुसार अब जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षाओं का संचालन सुबह नौ बजे के बाद ही किया जाएगा।
डीएम की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि जनपद लखनऊ में शीतलहर/घना कोहरा होने एवं मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए सभी विद्यालयों (समस्त बोर्ड से संचालित विद्यालय) के कक्षा एक से 12 तक की कक्षाओं का संचालन प्रातः नौ बजे के पश्चात ही प्रारम्भ किया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही कहा कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।
साथ ही आदेश में कहा गया है कि सुबह के समय ठंड और कोहरे की स्थिति बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए जोखिम भरी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए ये निर्णय लिया गया है। ये निर्देश सीबीएसई, आइसीएसई, यूपी बोर्ड सहित सभी बोर्डों से संचालित सरकारी और निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। स्कूल प्रबंधन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी कक्षा का संचालन सुबह नौ बजे से पहले न किया जाए।
दरअसल घने कोहरे और शीतलहर के बचाव के लिए सीएम योगी ने भी बुधवार (17 दिसंबर) को निर्देश जारी किए। ये निर्देश मंगलवार को राज्य भर में कोहरे से जुड़ी कई सड़क दुर्घटनाओं के एक दिन बाद आए हैं। सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और 59 घायल हो गए। सबसे बड़ी दुर्घटना मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई, जहां घने कोहरे में कई वाहनों के टकराने से आग लग गई, जिसमें कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई।




















