लखनऊ में कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों का बदला टाइम, डीएम ने जारी किया आदेश

स्कूल टाइमिंग

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए लखनऊ जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने इसको लेकर आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि, लखनऊ में सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक कक्षाएं सुबह 7:30 से दोपहर 12.30 तक चलेंगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

इससे पहले परिषदीय स्कूलों के लिए ये आदेश जारी किया गया था। लखनऊ जिलाधिकारी की तरफ से कहा गया है कि, गर्मी और लू को देखते हुए समस्त परिषदीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय सुबह 07:30 से अपरान्ह 01:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। वहीं, पढ़ाई के लिए छात्र-छात्राओं को सुबह 07:30 से अपरान्ह् 12:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहना होगा।

यह भी पढ़ें- प्राइवेट स्कूलों को राहत व अभिभावकों को झटका, योगी सरकार ने दी फीस बढ़ाने की मंजूरी

बता दें कि मौसम विभाग का कहना है कि यूपी के अधिकतर जिलों में तापमान अभी और बढ़ेगा। आगामी दो-तीन दिनों में तापमान 40-42 डिग्री के आसपास रहेगा। उत्तर प्रदेश में अप्रैल महीने के पहले हफ्ते में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। बता दें कि लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और कानपुर व आगरा में 42 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दिन के समय लू चलने की स्थिति बनी रहेगी।

यह भी पढ़ें- UP में भीषण गर्मी का अलर्ट, प्रदेश में 30 मार्च से दिखेगा हीट वेव का असर