पूर्वोत्‍तर में भगवा होली के बाद, भाजपाईयों ने लखनऊ में मनाई दीवाली

भगवा होली
एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर बधाई देते प्रदेश अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री व अन्य।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। पूर्वोत्‍तर के राज्‍यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर आज सूबे की राजधानी लखनऊ में भाजपाईयों ने जमकर जश्‍न मनाया। होली के दूसरे दिन जहां पूर्वोत्‍तर में भगवा होली देखने को मिल रही है, वहीं इससे उत्‍साहित भाजपाईयों ने प्रदेश मुख्‍यालय पर दीवाली जैसा माहौल पैदा कर दिया। इस दौरान न सिर्फ जमकर आतिशबाजी की गयी, बल्कि एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की मुबारकबाद भी दी गयी।

प्रधानमंत्री के करिश्‍माई नेतृत्‍व की है जीत: महेंद्र पाण्‍डेय

इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पाण्‍डेय ने कहा कि वामपंथियों के किले को ध्वस्त कर भाजपा ने त्रिपुरा में दो तिहाई से अधिक सीटों पर अपनी विजय पताका फहराई है, तथा नागालैण्ड में भी बीजपी के गठबंधन ने बड़ी विजय हासिल की है। उन्होंने कहा कि ये जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व, सबका साथ सबका विकास के संकल्प तथा सुशासन व विकास के नीतियों की जीत है।

यह भी पढ़ें- पूर्वोत्‍तर के राज्‍यों में BJP के पक्ष में आ रहे परिणामों पर योगी ने जताई खुशी कही यह बातें

वहीं प्रदेश अध्‍यक्ष ने राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष की भी जमकर तारीफ की। उन्‍होंने कहा कि इस जीत के लिए हम अमित शाह को भी हार्दिक बधाई देते हैं। जिनके कुशल मार्गदर्शन में भाजपा ने लगातार सफलता की ऊंचाइयां प्राप्त की है। साथ ही ये भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता की जीत हैं।

भगवा होली
प्रदेश मुख्यालय पर जश्न‍ मनाते भाजपा नेता व कार्यकर्ता।

‘2019 का आगाज है पूर्वोत्‍तर की सफलता’

एक सवाल के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्वोत्तर के राज्यों में मिली सफलता 2019 में मिलने वाली भारी सफलता का आगाज है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा त्रिपुरा में की गई जनसभाओं का भी इस सफलता में बड़ा श्रेय है।

रविवार को प्रदेश भर में मनाया जाएगा विजय दिवस

जीत से उत्‍साहित प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस विजय उल्लास को कल पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा। रविवार को पूर्वान्‍ह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक भाजपा के प्रत्येक क्षेत्र, जिला, महानगर मुख्यालयों समेत सभी मंडल इकाइयों पर विजय उल्लास दिवस के रूप में मनाया जायेगा।

यह भी पढ़ें- त्रिपुरा के CM का चेहरा हो सकते हैं विप्‍लव देव

इस अवसर पर बीजेपी के प्रदेश महामंत्री, संगठन सुनील बंसल, कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर हलवासिया, अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरेश तिवारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव, कार्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, राज्य मंत्री स्वाती सिंह, बीपेपी के प्रदेश मंत्री संतोष सिंह, जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, मीडिया संपर्क प्रमुख मनीष दीक्षित, सह मीडिया प्रमुख नवीन श्रीवास्तव, डॉ. तरूणकांत त्रिपाठी, संगठन मंत्री अशोक तिवारी, सह मीडिया प्रभारी आलोक अवस्थी, क्षेत्रीय महामंत्री नीरज सिंह समेत तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- जानें गुजरात और हिमाचल प्रदेश की जीत पर जश्‍न मना क्‍या बोले महेंद्र पाण्‍डेय