महाराष्ट्र में नए राज्यपाल की नियुक्‍त पर संजय राउत का कटाक्ष, पता नहीं ये बैस हैं कि बायस्ड

संजय राउत
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा राष्ट्रपति ने आज मंजूर कर लिया जिसके बाद रमेश बैस को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। रमेश बैस के राज्यपाल बनाए जाने के बाद शिवसेना नेता संजय राउत ने कटाक्ष कर कहा है कि अब जबकि महाराष्ट्र को नए राज्यपाल मिल गए है..तो यह पता नही की वो बैस है या बायस्ड हैं।

राउत ने कहा हम नए राज्यपाल का स्वागत करते है, लेकिन महाराष्ट्र के राज्यपाल को बदला जाए, इसकी लंबे समय से मांग चल रही थी। राज्यपाल कोश्यारी को तुरंत हटाना चाहिए था मगर ऐसा नहीं हुआ। संजय राउत ने पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को लेकर भाजपा पर आरोप लगाया और कहा कि इतिहास मे यह लिखा जाएगा कि भाजपा और केंद्र सरकार ने उस राज्यपाल का साथ दिया जिसने महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान किया।

यह भी पढ़ें- कोश्यारी का इस्तीफा मंजूर, महाराष्ट्र सहित 13 राज्यों के राज्यपाल बदले

साथ ही राउत ने कहा कि अब नए राज्यपाल को संविधान के मुताबिक काम करना चाहिए और आने वाले समय में यह देखा जाएगा कि राजभवन एक भाजपा का ऑफिस ना बनकर रह जाए। हम नए राज्यपाल से उम्मीद करते हैं कि वो संविधान के अनुसार काम करें। संजय राउत ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी के विवादित बयान के बाद राज्य की जनता, राज्य के राजनीतिक दल, छत्रपति शिवाजी महाराज के संगठनों ने मोर्चा संभाला और पहली बार राज्यपाल के विरोध में सड़कों पर उतरे थे। इसके इतने दिनों के बाद राज्यपाल को बदला गया।

पूर्व राज्यपाल पर आरोप लगाते हुए राउत ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने हमेशा सरकार को नीचा दिखाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उन्होंने तो कैबिनेट की कई सिफारिशों को भी खारिज किया. उन्होंने जनता के लिए नहीं  केवल बीजेपी के एजेंट के रूप में काम किया। अब नए राज्यपाल से लोगों की उम्मीद जगी है कि वो लोगों के लिए काम करेंगे।

यह भी पढ़ें- भगत कोश्यारी को भाजपा का प्रचारक बता संजय राउत ने कहा, महाराष्ट्र में खत्म हो गई राज्यपाल की गरिमा