ममता ने भाजपा पर लगाया वोट लूटने का आरोप, उठाई EVM जांच की मांग, कांग्रेस के साथ 2024 का चुनाव लड़ने की इच्छा भी जताई

ममता बनर्जी

आरयू वेब टीम। यूपी सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव में भाजपा की चार राज्यों में जीत हुई है, जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी का परचम लहराया है। वहीं भाजपा की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने भाजपा पर वोट लूटने का आरोप लगाया है। ईवीएम को लेकर ममता बनर्जी ने सवाल उठाते हुए दावा किया कि भाजपा को उत्तर प्रदेश में मैंडेट नही मिला, बल्कि वोटों की लूट हुई है।

ममता ने आज मीडिया से बात करते हुए कहा है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की फॉरेंसिक जांच होनी चाहिए। ममता बनर्जी ने विपक्ष से एकजुट होने की भी अपील करते हुए कांग्रेस के साथ 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने की भी आज इच्‍छा जाहिर की है। साथ ही कहा कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को निराश नहीं होना चाहिए और उन्हें ईवीएम की फॉरेंसिक जांच करानी चाहिए। अखिलेश यादव का वोट प्रतिशत इस बार 20 प्रतिशत से बढ़कर 37 प्रतिशत हुआ है।

….लेकिन वे आक्रमक हो गए

साथ ही ममता ने कहा कि यह पॉपुलर मैंडेट नहीं है बल्कि मशीनरी का मैंडेट है। भाजपा पर तंज कसते हुए ममता ने कहा कि उन्हें जीत के बाद उदार होना चाहिए, लेकिन वे आक्रमक हो गए हैं। अभी से डुगडुगी बजाने लगे हैं। कौन जानता है 2024 में क्या होगा? भाग्य-भाग्य होता है। भाजपा ने अभी से ही बड़े-बड़े दावे करने शुरू कर दिए हैं। बंगाल में लगातार उसका विरोध रहा है। हारने के बाद में उसे शर्म नहीं है।

ममता ने आगे कहा कि अगर कांग्रेस चाहे तो हम सब मिलकर 2024 का आम चुनाव लड़ सकते हैं। अभी के लिए आक्रामक न हों, सकारात्मक रहें। यह जीत (4 राज्यों में विधानसभा चुनाव) भाजपा के लिए एक बड़ी क्षति होगी। 2022 के चुनाव परिणाम 2024 चुनावों के भाग्य का फैसला करेंगे।

यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव के फैसले पर अखिलेश ने जनता से कहा, ढाई गुना सीट व डेढ़ गुना वोट बढ़ाने के लिए धन्‍यवाद

ममता ने कहा कि गोवा में पार्टी की शुरुआत के तीन महीने के भीतर तृणमूल कांग्रेस को छह प्रतिशत वोट मिले। यह काफी है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को जो भाजपा से लड़ना चाहते हैं, उन्हें एक साथ चलना चाहिए। कांग्रेस अपनी विश्वसनीयता खो रही है, कांग्रेस पर निर्भर नहीं रह सकते। ममता बनर्जी के बयान पर पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता सुवेंदु अधीकारी ने कहा कि उन्हें(ममता बनर्जी) 2029 के बारे में सोचना चाहिए। 2024 के चुनाव के नतीजे साफ हो गए हैं, फिर एक बार मोदी सरकार। इस बार 400 पार।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में भाजपा को फिर मिली प्रचंड बहुमत, दूसरे नंबर पर सपा, कांग्रेस दो तो एक सीट पर सिमटीं बसपा