मणिपुर में चार लोगों की हत्या पर प्रियंका का मोदी सरकार से सवाल, ‘कब रुकेगा ये सिलसिला’

मणिपुर में हत्‍या

आरयू वेब टीम। मणिपुर में जारी हिंसक घटनाओं पर मंगलवार को कांग्रेस की पूर्व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार से सवाल किया है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सवाल किया कि, आठ महीने से मणिपुर हत्या, हिंसा और तबाही झेल रहा, सिलसिला कब रुकेगा? दरअसल मणिपुर में सेना से मुठभेड़ में चार लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। इस घटना के बाद मणिपुर में फिलहाल तनाव का माहौल है।

इसे लेकर प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, मणिपुर में चार लोगों की हत्या कर दी गई। कई लोग घायल हैं, कई जिलों में कर्फ्यू है। आठ महीने से मणिपुर के लोग हत्या, हिंसा और तबाही झेल रहे हैं। यह सिलसिला कब रुकेगा? साथ ही कहा कि मणिपुर की सभी पार्टियों के नेताओं के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली आकर प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा था, लेकिन उन्होंने आज तक समय नहीं दिया।

प्रियंका ने कहा कि न वे मणिपुर गए, न मणिपुर के बारे में बात की, न संसद में जवाब दिया, न कोई एक्शन लिया। क्या मणिपुर को यही नेतृत्व चाहिए, या विज्ञापनों की ताकत महान बताने के लिए पर्याप्त है! सरकार को अब बिना देर किए मणिपुर के सभी पक्षों से बातचीत करके, उन्हें विश्वास में लेकर, स्थिरता और शांति लाने के लिए ठोस कदम उठाने शुरू करने चाहिए।

यह भी पढ़ें- मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, उपद्रवियों ने घरों में लगाई आग

बता दें कि 2024 के पहले ही दिन सोमवार को मणिपुर के थोउबल जिले के अल्पसंख्यक बहुल लिलोंग चिंगजाओ इलाके में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर चार ग्रामीणों की हत्या कर दी थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य व्यक्ति इंफाल के अस्पताल में आइसीयू में भर्ती हैं।

स्थानीय प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार वर्दी में आए अज्ञात बंदूकधारी एक जनवरी की रात को एक व्यक्ति से पैसे वसूलने के लिए आए थे। इस दौरान विवाद हुआ। उन्होंने बताया कि जब स्थानीय लोग उन्हें खदेड़ रहे थे तो बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे कई लोग हताहत हो गए।

यह भी पढ़ें- मणिपुर के ‘अक्षम’ मुख्यमंत्री को बर्खास्त किया जाए: मल्लिकार्जुन खरगे