इस बार नहीं मिला दुर्गा शंकर मिश्र को सेवा विस्‍तार, मनोज सिंह बने यूपी के मुख्य सचिव, संभाला पदभार

मुख्‍य सचिव मनोज सिंह
मनोज सिंह को नई पारी की शुभकामनाएं देते दुर्गा शंकर मिश्र।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ 1988 बैच के आईएएस ऑफिसर मनोज सिंह अब यूपी के नए मुख्य सचिव होंगे। मनोज सिंह ने रविवार दोपहर अपना कार्यभार संभाल लिया है। मनोज सिंह सीएम योगी के विश्‍वसनीय अफसरों में गिने जाते हैं। वो जुलाई 2025 में सेवानिवृत्त होंगे। मुख्य सचिव के साथ ही उन्हें आइआइडीसी का चार्ज भी दिया गया है। इसका आदेश जारी हो गया है।

मनोज कुमार सिंह ललितपुर, पीलीभीत, गौतमबुद्ध नगर, मुरादाबाद जैसे जिलों के डीएम रह चुके हैं। मुरादाबाद के मंडायुक्त भी वो रहे हैं। इसके अलावा ग्राम्य विकास, पंचायती राज, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में वो अपर मुख्य सचिव भी रहे हैं। भारत सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय में उन्होंने संयुक्त सचिव के रूप में तैनाती पाई थी।

अभी तक मुख्य सचिव के पद पर तैनात दुर्गा शंकर मिश्र 1984 बैच के आइएएस हैं। दिसंबर 2021 में उनका रिटायरमेंट था, लेकिन उन्हें बार-बार सेवा विस्तार देते हुए अब तक यूपी का मुख्य सचिव बनाया जा रहा था। 2022 में उन्हें दोबारा एक साल का सेवा विस्तार मिला और वो यूपी के मुख्य सचिव बने रहे। दिसंबर 2023 में उनका कार्यकाल खत्म हो रहा था। इसी बीच लोकसभा चुनाव की समय आ गया और उन्हें तीसरी बार छह माह का सेवा विस्तार मिल गया था।

यह भी पढ़ें- यूपी के पूर्व मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी को मिली PHD की उपाधि

1987 बैच के आइएएस अरुण सिंघल और लीना नंदन, 1988 बैच के रजनीश दुबे को सुपर सीड करके मनोज सिंह को मुख्य सचिव बनाया गया है। अरुण सिंघल और लीना नंदन इस समय केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। वहीं रजनीश दुबे राजस्व परिषद के अध्यक्ष के पद पर हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी में IAS अधिकारियों का तबादला, विशेष सचिव नियुक्ति के पद से हटे धनंजय शुक्ला, विजय कुमार को मिली जिम्‍मेदारी