मेरा बूथ, सबसे मजबूत कार्यक्रम को संबोधित कर बोले मोदी, इस बार चुनाव अपने पूरे रंग में देगा दिखाई

मेरा बूथ, सबसे मजबूत
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते प्रधानमंत्री।

आरयू वेब टीम। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बीजेपी के मेरा बूथ, सबसे मजबूत कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान मोदी ने एक करोड़ से ज्यादा बीजेपी कार्यकर्ताओं, वालंटियरों अन्य विशिष्ट नागरिकों से वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। कार्यक्रम को लेकर भाजपा का दावा है कि यह दुनिया की अब तक की सबसे बड़ी वीडियो कॉन्फ्रेंस है।

कार्यक्रम में मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से कहा कि ‘भारत के मन की बात’ के अंतर्गत प्रत्येक देशवासी अपने मन की बात सीधे मुझ तक पहुंचा सकता है। आप सुनिश्चित करें कि आप के बूथ के ज्यादा से ज्यादा लोग अपने सुझाव दें। इससे हमारा 2019 का संकल्प पत्र सही मायने में जनता का संकल्प पत्र बन जाएगा। उन्‍होंने कहा कि मेरी बीजेपी के प्रत्येक कार्यकर्ता से अपील है कि वह राष्ट्र निर्माण के काम में और मेहनत और तेजी से काम करें, इस समय देश की भावनाएं एक अलग स्तर पर हैं।

यह भी पढ़ें- ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ का निरीक्षण कर PM मोदी ने हरी झंडी दिखा किया रवाना, जानें इसकी खास बातें

मोदी ने कहा कि देश का वीर जवान सीमा पर और सीमा के पार भी अपना पराक्रम दिखा रहा है। पूरा देश एक है और हमारे जवानों के साथ खड़ा है। दुनिया हमारी इच्छाशक्ति देख रही है। पीएम ने बीजेपी के कार्यकर्ताओं से आह्वाहन किया, आओ मिलकर प्रगति के पथ पर चलें। मैं वैभवशाली भारत की तस्वीर को देख पा रहा हूं, इस बार चुनाव अपने पूरे रंग में दिखाई देगा। हेल्दी लोकतंत्र में सत्ता और विपक्ष के बीच स्वस्थ प्रतियोगिता देखने को मिल रही है।

उन्होंने कहा कि हमारे बूथ कार्यकर्ता हमारे नायक हैं। अगर वो प्रयास करेंगे तो नए राष्ट्र के निर्माण के काम में हम सब कामयाब हो जाएंगे। त्रिपुरा की कार्यकर्ता द्वारा पूछे गए सवाल पर मोदी ने कहा दो मार्च को पूरे भारत में विजय संकल्प रैली निकाली जाएगी। युवाओं को इसमें शामिल होने की जरूरत है। प्रत्येक बूथ कार्यकर्ताओं को एक जिम्मेदारी देता हूं, कि हर बूथ का कार्यकर्ता 10 परिवारों के साथ घनिष्ठ संबंध बनाएगा। उन्हें सरकार के कामों की जानकारी पहुंचाएंगे। वोटर्स को बूथ तक लेकर आएंगे।

यह भी पढ़ें- मोदी ने जारी किया किसान सम्मान निधि योजना की पहली किस्त, कांग्रेस पर भी साधा जमकर निशाना

इस दौरान झारखंड के एक कार्यकर्ता के सवाल का जवाब देते हुए मोदी ने विरोधियों पर हमला बोलने से नहीं चूंके। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस अपने अस्तित्व को बचाने के लिए छोटी-छोटी पार्टियों के साथ अपनी गुंजाइश ढूंढ रही है। ये सारी कवायद बीजेपी को हराने के लिए नहीं हो रही, बल्कि कांग्रेस को जिंदा रखने की कोशिश की जा रही है। जो लोग आंख मिलाकर बात नहीं करते थे आज कंधे से कंधे मिलाकर चल रहे हैं।

मोदी ने कहा याद किजिए, सपा ने मायावती जी के साथ क्या किया था। वामपंथ ने ममता बनर्जी के साथ क्या किया था, शरद पवार कांग्रेस से क्यों अलग हुए थे। और देवगौड़ा जी को कांग्रेस ने कैसे अपमानित किया था। आप लोग याद रखें कि तेल और पानी कभी मिल नहीं सकते हैं। इस गठबंधन की तस्वीर टीवी स्क्रीन पर तो दिखाई दे सकती है लेकिन लोगों के दिलों पर जगह नहीं बना पाएंगे।

यह भी पढ़ें- नेशनल वॉर मेमोरियल का उद्धाटन कर पीएम ने कहा, अपने सीने पर हर मुश्किल को लेते हैं सैनिक