यूपी पंचायत चुनाव में मिस इंडिया रनर अप दीक्षा सिंह ने दाखिल किया नामांकन

मिस इंडिया रनर अप दीक्षा सिंह
नामांकन करने पहुंची दीक्षा सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/जौनपुर। यूपी के पंचायत चुनाव में इस बार ग्लैमर का भी तड़का लगा है। मिस इंडिया रनर अप रहीं दीक्षा सिंह ने रविवार को जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन किया। उन्होंने वार्ड संख्या 26 से निर्दल प्रत्याशी के रूप में अपना पर्चा कलेक्ट्रेट सीआरओ कोर्ट में दाखिल किया।

नामांकन से पहले आज दीक्षा सिंह ने मां शीतला चौकिया धाम में पूजा अर्चना की। उसके बाद नामांकन करने पहुंची। दीक्षा सिंह ने बताया कि वह कालेज के समय से ही प्रतियोगिताओं व राजनीतिक डिबेट में प्रतिभाग करती रही हैं, और वह हमेशा गांव में समय-समय पर आती रहीं है। गांव आने पर देखा कि आज भी गोवा, मुंबई की तर्ज पर यहां विकास कोसों दूर है।

वो पंचायत चुनाव में कुछ बदलाव की सोच से आई हैं। उनका मानना है कि मुंबई की फिल्मी दुनिया में रहकर गांव घर का विकास संभव नहीं हो सकता है अपने घर की सफाई करने के लिए खुद घर में आना पड़ता है, इसलिए मैं यही रहकर चुनाव लड़ रही हूं और चुनाव जीतने के बाद भी गांव में ही रहकर विकास का काम करूंगी।

यह भी पढ़ें- यूपी पंचायत चुनाव में आरक्षण मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दी प्रदेश सरकार को राहत, याचिकाकर्ता से कहा जाएं हाई कोर्ट

दीक्षा सिंह गोवा के उद्योगपति जितेंद्र सिंह की पुत्री हैं। वह वर्ष 2015 के फेमिना मिस इंडिया की रनर अप रही हैं। इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मों व बड़े विज्ञापनों में काम किया है। पहले इनके पिता चुनाव प्रचार में लगे हुए थे, जब से जिला पंचायत अध्यक्ष कुर्सी महिला सामान्य हो गई, तब पिता ने बेटी को चुनाव मैदान में उतार दिया।

दीक्षा सिंह मूलत बक्शा के चितौड़ी गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने गांव से कक्षा तीन तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वह अपने पिता के साथ मुंबई और फिर गोवा चली गईं।

यह भी पढ़ें- UP पंचायत चुनाव: सरकारी नौकरी करने वाले दंपत्ती को चुनावी ड्यूटी से बड़ी राहत, एक को मिलेगी छूट