मौसम ने फिर सख्त किए तेवर, 30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी

लखनऊ में कोहरा
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। थोड़े दिनों की राहत के बाद एकाएक ही मौसम ने तेवर सख्त कर लिए हैं। कोहरे और ठंडी हवाओं ने लोगों को फिर से ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में शनिवार को तराई इलाकों समेत ज्यादातर जिलों में सुबह कोहरे का असर रहेगा। साथ ही प्रदेश के तीस जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में ठंडी पछुआ हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और कई जगह तापमान सामान्य से नीचे चला गया। घने कोहरे की वजह से बरेली और आगरा में सुबह दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। वहीं अलीगढ़ और नजीबाबाद में सुबह दृश्यता 50 मीटर दर्ज हुई। आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के  वैज्ञानिक के मुताबिक 31 जनवरी तक कोहरे में बढ़ोतरी होगी और कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है।

वहीं फरवरी के पहले सप्ताह में नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से एक से तीन फरवरी के बीच पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है और कोहरे से राहत मिलेगी। चार फरवरी से तापमान में फिर हल्की गिरावट आने के आसार हैं।

यह भी पढ़े- UP: फिर बदला मौसम ने तेवर, बढ़ेगा कोहरा व गलन

मौसम विभाग के मुताबिक कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरेया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं व आस-पास के इलाकों में घना कोहरा रहेगा।

यह भी पढ़ें- दो दिन की राहत के बाद फिर पलटेगा यूपी का मौसम