आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में एक दिन बाद दिसंबर के महीने की शुरुआत हो जाएगी, लेकिन इस बार कड़ाके की ठंड का सितम नहीं देखने को मिला है। अब तक मौसम खुशनुमा रहा है। दिन में धूप और रात के समय ठंड हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार से प्रदेश में उत्तरी पछुआ हवाएं रफ्तार पकड़ेंगी। जिससे सोमवार से पूरे प्रदेश में ठंड में बढ़ेगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक का कहना है कि अगले दो दिनों में उत्तरी पछुआ हवाओं का असर पूरे उत्तर प्रदेश में दिखाई देगा, इससे ठंड बढ़ेगी। सोमवार को सुबह तराई समेत ज्यादातर इलाकों में सुबह शाम हल्के से मध्यम कोहरे के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- लगातार गिर रहा यूपी का तापमान, दिसंबर-जनवरी में पहले से ज्यादा ठंड का अनुमान
इससे अगले दो दिनों में पश्चिमी यूपी में दिन व रात के तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट के आसार हैं। हालांकि, रविवार को पूर्वांचल और बुंदेलखंड में दिन के तापमान में बढ़त की संभावना जताई गई है।
बात करें आज की तो प्रदेश में शनिवार को 7.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर शहर सबसे ठंडा रहा। इटावा में रात का पारा आठ डिग्री और बरेली में नौ डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।




















