मौसम ने ली करवट, लखनऊ में गरज-चमक के साथ हुई मूसलाधार बारिश

लखनऊ में बारिश
बारिश के बाद घंटाघर के पास हुआ जलजमाव। (फोटो- आरयू)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह से मौसम ने अचानक करवट ली है। तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश ने गर्मी से बेहाल लोगों को बड़ी राहत दी है। वहीं, सुबह स्‍कूल जाने के लिए निकले बच्‍चों को बारिश के चलते काफी परेशान हुई। बारिश के साथ ही तड़के रात जैसा अंधेरा लखनऊ में छा गया इस दौरान तापमान भी 27 डिग्री के करीब बना रहा।

लखनऊ में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और फिर तेज बारिश के साथ अंधेरा सा छा गया। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने मौसम को ठंडा कर दिया है, जिससे तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। बारिश के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ठंडी हवाओं और फुहारों ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है और लोगों को गर्मी से राहत महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटे लखनऊ और आसपास के इलाकों में मौसम यूं ही रंग बदलता रहेगा। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, यह स्थिति 12 अप्रैल तक बनी रह सकती है, जबकि 13 अप्रैल को लखनऊ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें- झुलसाती गर्मी के बीच मौसम विभाग की चेतावनी, कई जिलों में चलेगी लू

बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि, आज के बदले मौसम ने पारा काफी नीचे गिरा दिया है। एक दिन पहले बुधवार को प्रदेश के अन्य जिलों जैसे झांसी, प्रयागराज, बांदा, फतेहपुर, हमीरपुर और आगरा में गर्मी बनी हुई थी, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। झांसी में सबसे अधिक 42.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ समेत पश्चिमी यूपी में बदला मौसम, धूल भरी आंधी के बाद बारिश