औरैया के बाद MP में प्रवासी मजदूरों के लिए काल बना ट्रक, छह की मौत, 16 घायल

मध्य प्रदेश सड़क हादसा
हादसे में वाहन के उड़े परखच्चे।

आरयू वेब टीम। कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण देशभर में जारी लॉकडाउन ने सबसे ज्‍यादा मजदूरों को प्रभावित कर रहा है। इस दौरान अपने घर पहुंचने की आस में मजदूर सड़क हादसों का शिकार हो रहा है। वहीं शनिवार को यूपी के औरैया में तड़के हुए सड़के हादसे में 24 मजदूरों की जान जाने के बाद मध्य प्रदेश के सागर जनपद में भी सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में छह प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई है और 16 मजदूर घायल हुए हैं।

एसपी सागर अमित संघाई ने मीडिया को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह महाराष्ट्र से एक ट्रक यूपी जा रहा था वो पलट गया, इसमें कपड़े के रोल्स थे और कुछ मजदूर सवार थे। घटना में अभी तक कुल चार महिलाओं और दो पुरुषों सहित छह की मौत हुई है और बाकी 16 लोगों का इलाज चल रहा है। ये उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर और बस्ती जाने वाले थे।

यह भी पढ़ें- हादसे से फिर दहली यूपी, ट्रॉले-DCM की टक्‍कर में घर जा रहे 24 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 22 की हालत गंभीर

वहीं घटना की सूचना पाकर पुलिस और एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया। साथ ही राहत और बचाव शुरु किया गया। मिली जानकारी के अनुसार, मरने वालों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। ये लोग ट्रक में सवार होकर यूपी स्थित अपने घर जा रहे थे।

बताया ये भी जा रहा है कि ट्रक में कई छोटे बच्चे भी सवार थे। सड़क दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। साथ ही पुलिस के साथ मिलकर घायलों की मदद की।

शाहगढ़ में पिकअप पलटने से 24 घायल, पांच गंभीर

वहीं, सागर जिले के शाहगढ़ में भी आज एक और सड़क हादसा हुआ। यहां भी प्रवासी मजदूरों से भरी पिकअप पटलने से उसमें यात्रा कर रहे 24 लोग घायल हो गए। इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को छतरपुर जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य मजदूरों का इलाज शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में बड़ा हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से 16 प्रवासी मजदूरों की मौत, पांच घायल, पटरी के सहारे पैदल ही जा रहे थे घर