छत्‍तीसगढ़ के मुख्यमंत्री होंगे विष्णु देव साय, BJP विधायक दल की बैठक में आखिरकार हुआ फैसला

विष्णु देव साय

आरयू वेब टीम। विधानसभा चुनाव के बाद से बीजेपी में मचे घमासान के बाद भाजपा विधायक दल की रविवार को हुई बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का नाम आखिरकार फाइनल हो गया है। विष्णु देव साय छत्‍तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री होंगे। पहले से ही यह अनुमान जताया जा रहा था कि अगर भाजपा 2003 से 2018 तक तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके रमन सिंह को नहीं चुनती है तो वह किसी ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) या आदिवासी समुदाय से ही मुख्यमंत्री को चुनेगी और हुआ भी ऐसा ही।

राज्य के अगले मुख्यमंत्री को लेकर अनिश्चितता को खत्म करते हुए भाजपा के नवनिर्वाचित 54 विधायकों की अहम बैठक में विष्णु देव साय के नाम पर मुहर लगा दी गई। आदिवासी समुदाय से आने वालों में पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णु देव साय के अलावा विधायक चुने जाने के बाद केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा देने वाली रेणुका सिंह, राज्य के पूर्व मंत्री रामविचार नेताम और लता उसेंडी तथा विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद सांसद पद से इस्तीफा देने वाली गोमती साय दावेदारों में शामिल थे।

यह भी पढ़ें- सीएम का नाम फाइनल करने के लिए भाजपा ने राजस्थान, MP व छत्‍तीसगढ़ में पर्यवेक्षकों का किया ऐलान

राज्य की आबादी में आदिवासी समुदाय की हिस्सेदारी 32 फीसदी है और भाजपा ने इस बार अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित 29 सीट में से 17 सीट जीती हैं भाजपा ने 2018 में आदिवासियों के लिए आरक्षित सीट में केवल तीन सीट जीती थीं। उसने इस बार आदिवासी बहुल सरगुजा संभाग में सभी 14 सीट पर जीत हासिल की है।

यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव जीतने वाले भाजपा सांसदों ने दिया इस्तीफा