म्यांमार की सेना का विमान मिजोरम में दुर्घटनाग्रस्त, छह घायल

दुर्घटनाग्रस्त विमान

आरयू वेब टीम। मिजोरम में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां म्यांमार की सेना का एक विमान लेंगपुई हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है, इस हादसे में छह लोग घायल हैं। वहीं मिजोरम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान बर्मी सेना का है।

मिजोरम के डीजीपी ने बताया पायलट के साथ विमान में कुल 14 लोग सवार थे। इन 14 लोगों में से छह लोग घायल हैं। सभी घायलों को लेंगपुई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सेना का विमान लैंडिंग के वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दरअसल ये दुर्घटना उस समय हुई जब विमान उन सैनिकों को वापस लेने के लिए भेजा गया था, जिन्होंने अपने देश में विद्रोही समूह की परेशानियों के बीच पूर्वोत्तर राज्य में शरण ली थी।

यह भी पढ़ें- भारत नहीं मोरोक्को का प्लेन हुआ था क्रैश, DGCA ने किया साफ

बता दें कि म्यांमार में चल रहे सत्ता संघर्ष के दौरान स्थिति गंभीर बनी हुई है। हाल ही में म्यांमार से काफी ज्यादा संख्या में सैनिक भागकर अपनी जान बचाने के लिए भारत में आए थे। वहीं भारत ने म्यांमार से भागकर मिजोरम पहुंचे 184 सैनिकों को उनके देश वापस भेजा, हालांकि म्यांमार से कुल 276 सैनिक भागकर मिजोरम पहुंचे थे जिसमें से 184 को सोमवार यानी 22 जनवरी को उनके देश भेजा गया।

यह भी पढ़ें- पर्यटकों को ले जा रहा विमान ब्राजील में क्रैश, दोनों क्रू मेंबर समेत 14 की मौत