नाविकों की मौत पर राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला, अमेरिका के रवैये व PM मोदी की चुप्पी पर उठाए सवाल

राहुल गांधी

आरयू वेब टीम। अमेरिका के हमले में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल अमेरिका के रवैये पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इस घटना के बाद भी अमेरिका की ओर से न तो कोई अफसोस जताया गया और न ही माफी मांगी गई। जबकि इस पूरे मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप हैं और अमेरिका के निर्देशों का पालन कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा कि अमेरिकी हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत के कुछ ही दिनों बाद अमेरिका की ओर से संवेदना व्यक्त करने के बजाय आदेश देने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने अमेरिकी बयान का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका ने कहा, “अमेरिकी सेना के आदेशों का तुरंत पालन किया जाए” और किसी भी तरह के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही कांग्रेस सांसद ने कहा कि कोई भी स्वतंत्र और स्वाभिमानी देश इस तरह की भाषा को स्वीकार नहीं करेगा।

राहुल गांधी के मुताबिक, किसी संप्रभु राष्ट्र के लिए यह स्वीकार्य नहीं है कि उसके नागरिकों की मौत के बाद भी उससे आदेशात्मक लहजे में बात की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप हैं और अमेरिका के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार को देश के सम्मान और नागरिकों की सुरक्षा के सवाल पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए “काॅमप्रोमाइज पीएम” शब्द का इस्तेमाल किया। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री देश के सम्मान की रक्षा नहीं करेंगे, क्योंकि जो लोग देश का अपमान करते हैं, वही उन पर प्रभाव रखते हैं। कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अमेरिका की बात एक “आज्ञाकारी सेवक” की तरह सुनते हैं और उसके निर्देशों का पालन करते हैं। राहुल गांधी की यह टिप्पणी सीधे तौर पर केंद्र सरकार की विदेश नीति और इस पूरे घटनाक्रम को लेकर उसके रुख पर सवाल उठाती है।

यह भी पढ़ें- भारतीय नाविकों की हत्‍या पर ईरान ने USA को घेरा, कहा समुद्री लुटेरों जैसी अमेरिका की नीति

गौरतलब है कि राहुल गांधी का ये बयान उनके एक्स पोस्ट के माध्यम से सामने आया है, जिसमें उन्होंने तीन भारतीय नाविकों की मौत के मुद्दे को उठाते हुए अमेरिका की प्रतिक्रिया और भारत सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि देश के सम्मान से जुड़े मामलों में सरकार की चुप्पी चिंता का विषय है। राहुल गांधी की इस टिप्पणी के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भारतीय नाविकों की मौत और उससे जुड़े कूटनीतिक पहलुओं पर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- NEET पेपर लीक पर राहुल का आरोप, PM मोदी की भ्रष्ट व्यवस्था ने लूटा युवाओं का भविष्य