निकाय चुनाव जीतने के लिए भाजपा करेगी कार्यकर्ता सम्‍मेलन, भाग लेंगे CM

भाजपा करेगी कार्यकर्ता सम्मेलन
निकाय चुनाव जीतने की रणनीति बनाने के लिए बैठक करते महेंद्र पाण्डेय व अन्य‍।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। विधानसभा चुनाव के बाद अब नगरीय निकाय चुनाव में भी जीत हासिल करने के लिए आज भाजपा ने अपने प्रदेश मुख्‍यालय पर मीटिंग कर रणनीति बनाई। इस दौरान मौजूद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्‍डेय एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने क्षेत्रवार समीक्षा कर सभी निकायों में अगले हफ्ते कार्यकर्ता सम्मेलन करने के अलावा हर निकाय के लिए स्थानीय स्तर से तीन कार्यकर्ताओं का पैनल बनाकर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पर सहमति बनी है।

लड़ाई में दूर-दूर तक नहीं है सपा, बसपा और कांग्रेस

बैठक में प्रदेश अध्‍यक्ष ने अधिसूचना जारी होने की बात करते हुए कहा कि रणभेरी बज चुकी है। इसके साथ ही भाजपा के सभी कार्यकर्ता अपना बूथ जिताने के लिए भी पूरी तरह तैयार है। सपा-बसपा और कांग्रेस नगरीय निकाय चुनाव की लड़ाई में दूर-दूर तक नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की जन कल्याणकारी योजनाओं के साथ हम चुनावी मैदान में उतरेंगे।

यह भी पढ़ें- तीन चरण में होगा यूपी का निकाय चुनाव, जानें कब किस शहर में होगी वोटिंग

इसके साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, रात दिन एक कर जन सरोकार विषयों को आगे लाकर जनमत का मन जीतने के जतन में लगें। संगठन के कार्यकर्ता एकजुट होकर कमल के फूल को जिताने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दें। वहीं उन्‍होंने यह भी कहा कि हमारे लिए प्रत्याशी महत्वपूर्ण नहीं है चुनाव चिन्ह महत्वपूर्ण है।

इस बारे में प्रदेश उपाध्यक्ष एंव प्रदेश निकाय चुनाव प्रबंधन प्रभारी जेपीएस राठौर ने बताया कि निकायों में होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलनों में खुद मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यानाथ के अलावा डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या व दिनेश शर्मा समेत भाजपा के कई बड़े नेता भाग लेंगे।

यह भी पढ़ें- योगी से मिलने पहुंचे युवक ने कनपटी पर तमंचा लगाकर कहा मार लूंगा गोली, वजह जानकार जाएंगे चौंक

बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापतिराम त्रिपाठी, प्रदेश उपाध्यक्ष अश्वनी त्यागी, बाबू राम निषाद, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, विद्यासागर सोनकर, अशोक कटारिया, सलिल विश्नोई, पंकज सिंह, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता, संतोष सिंह, गोबिन्द नारायण शुक्ल, अमरपाल मौर्य, सुरेश अवस्थी, कौशलेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह, वीरेन्द्र सिंह सिरोही समेत अन्‍य लोग मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- योगी की कैबिनेट का फैसला अब भर्ती होंगे 26500 शिक्षक, सैलरी होगी इतनी