पटना के शेल्‍टर होम से फिर गायब हुई चार लड़कियां, जांच में जुटी पुलिस

शेल्टिर होम
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। 

पटना के शेल्‍टर होम से एक बार फिर महिलाओं के गायब होने का मामला सामने आया है। यह ताजा मामला पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित आशा किरण संस्था का है। मामला सामने आने के बाद पुलिस सकते में आ गई है। फिलहाल मामला दर्ज कर पुलिस सर्च अभियान चला रही है।

बता दें की घटना शनिवार की देर रात की है। जहां शेल्टर होम से चार नाबालिग लड़कियां बिलकुल फिल्‍मी स्‍टाइल में खिड़की का सहारा लेकर भाग निकलीं। लड़कियों ने खिड़की की ग्रिल में दुपट्टा बांधा और उसी के सहारे नीचे आकर भाग निकलीं। शेल्टर होम के कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। अब पाटलिपुत्र थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- अब पटना के शेल्‍टर होम में दो युवतियों की संदिग्‍ध परिस्थितियों में मौत

लड़कियों के भागने की जानकारी लगते ही आश्रय गृह में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस आश्रय गृह में जांच में जुट गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी टीएन तिवारी ने बताया कि शेल्टर होम से फरार चारों लड़कियां नाबालिग हैं। एक की उम्र 12 साल है तो तीन 16 साल की हैं। पुलिस का कहना है कि अक्टूबर में उन्हें आश्रय गृह लाया गया था।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर शेल्‍टर होम कांड मामले में पूर्व मंत्री मंजू वर्मा के ठिकानों पर CBI की छापेमारी

बता दें कि पूर्व में भी राजीव नगर थाना क्षेत्र के नेपाली नगर में स्थित आसरा गृह से चार युवतियों ने खिड़की के रास्ते से फरार होने का प्रयास किया था, लेकिन वे कामयाब नहीं हुईं थीं। घटना के दो माह बाद फिर इसी आसरा गृह से दो युवतियां भागने में कामयाब हुईं थीं। उनमें एक दानापुर थाना क्षेत्र में मिली थी, जबकि दूसरी का आज तक कोई सुराग नहीं मिला है।

यह भी पढ़ें- शेल्‍टर होम कांड: आप ने प्रदर्शन कर उठाई SIT जांच व बेसहारा बच्चियों को नोंचनें वालों के खिलाफ सख्‍त कानून की मांग