पटना: शिक्षा में सुधार को लेकर प्रदर्शन कर रहे रालोसपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, उपेन्द्र कुशवाहा समेत कई घायल

पटना
प्रदर्शन करते रालोसपा कार्यकर्ता।

आरयू वेब टीम। 

पटना में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) ने शनिवार को जनाक्रोश रैली आयोजित की थी। जिसपर डाक बंगला चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे रालोसपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया, जिसमें पार्टी प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गए। आरएलएसपी का कहना है कि ये रैली शिक्षा में सुधार की मांग को लेकर आयोजित की गई थी।

इस संबंध में रालोसपा कार्यकर्ता राज्यपाल को ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया।  रैली जेपी गोलंबर से राजभवन तक जानी थी। पुलिस ने डाक बंगला चौराहे पर ही उन्हें रोक लिया। इस बात से नाराज कार्यकर्ता डाक बंगला चौक पर ही धरने पर बैठ गए। जिसके कारण वहां जाम की स्थिति पैदा हो गई।

यह भी पढ़ें- पटना: SCST एक्ट के खिलाफ व गरीबों को आरक्षण की मांग के लिए प्रदर्शन कर रहे भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, दर्जनों घायल

पुलिस ने स्‍थानीय मीडिया को बताया कि कार्यकर्ताओं से कई बार हटने की अपील की लेकिन, वे नहीं हटे। इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन चलाया और बाद में लाठीचार्ज भी किया। पानी की बौछार से बचाने के लिए कार्यकर्ताओं ने उपेन्द्र कुशवाहा को घेरे रखा। गहमागहमी में उनकी तबीयत भी बिगड़ गई।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार लाठीचार्ज में उपेन्द्र कुशवाहा घायल हो गए, इसके बाद उन्हें पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उनका ब्लड प्रेशर भी बढ़ गया है। लाठीचार्ज के तुरंत बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री और आरएलएसपी चीफ उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने आरएलएसपी कार्यकर्ताओं पर लाठियां चलवाई हैं।

इससे पहले उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि उनकी पार्टी ने बिहार में शिक्षा सुधार का संकल्प लिया है। बिहार के नौनिहालों के भविष्य निर्माण के लिए हम शिक्षा में सुधार करेंगे, और करके रहेंगे।

https://twitter.com/RLSPIndia/status/1091650068979961857

यह भी पढ़ें- पटना-मोकामा पैसेंजर में लगी भीषण आग इंजन सहित चार बोगियां खाक