प्रियंका ने महिलाओं के लिए जारी किया ‘शक्ति विधान’ घोषणापत्र, साल में तीन मुफ्त गैस सिलेंडर, फ्री बस सेवा समेत दिए कई वचन

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को महिलाओं के लिए अलग घोषणा पत्र जारी किया है। कांग्रेस ने महिला घोषणा पत्र को ‘शक्ति विधान’ नाम दिया है। प्रियंका ने कहा कि हमने 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने का वादा किया ताकि महिला सशक्तिकरण की बात सिर्फ कागज पर न रहे। साथ ही महिलाओं को साल में तीन मुफ्त गैस सिलेंडर, फ्री बस सेवा समेत कई वचन दिए हैं।

लखनऊ में प्रेसवार्ता में प्रियंका ने महिलाओं के लिए बड़े वादे करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ही देश को पहली महिला प्रधानमंत्री दिया। अब कांग्रेस की सरकार बनने पर यूपी में आठ लाख महिलाओं को रोजगार देंगे। महिलाओं को मनरेगा में प्राथमिकता मिलेगी। सरकारी पदों पर 40 फीसदी महिलाओं की नियुक्ति होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए दस आवासीय खेल अकादमी, लड़कियों के लिए इवनिंग स्कूल खोलेंगे। प्रियंका ने महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा का भी वादा किया।

इसके अलावा कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भारतीय संसद और विधानसभाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व महज 15 फीसदी है। कांग्रेस ने इस निराशाजनक तस्वीर को बदलने का संकल्प लिया है। हम 40 फीसदी टिकट ​महिलाओं को देंगे। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि ये घोषणापत्र प्रदेश की महिलाओं की आशाओं-आकांक्षाओं की सामूहिक अभिव्यक्ति है जो वर्तमान सरकार में अभूतपूर्व हिंसा, शोषण व सरकार की महिला विरोधी विचारधारा का सामना कर रही हैं ऐसी महिलाएं अब अन्याय सहने को तैयार नहीं हैं, इसलिए हमने महिला घोषणापत्र बनाया है। इसके छह हिस्से हैं, स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत।

यह भी पढ़ें- छात्राओं को स्‍कूटी-स्‍मार्टफोन देने के प्रियंका के ऐलान पर बोलीं मायावती, भाजपा-सपा की तरह कांग्रेस ने भी कर दिया लुभावने वादे करना शुरू

वहीं घोषणा पत्र में प्रियंका कहा कि महिलाओं को सस्ता ऋण, कामकाजी महिलाओं के लिए 25 शहरों में छात्रावास, दस हजार मानदेय, सहायता समूह को चार फीसदी पर ऋण और राशन दुकानों में 50 फीसदी का संचालन महिलाओं द्वारा किया जाएगा।

साथ ही स्नातक में नामांकित लड़कियों को स्कूटी मिलेगी व महिलाओं को हर साल तीन गैस सिलेंडर मुफ़्त मिलेंगे। परिवार में पैदा होने वाली प्रत्येक बालिका के लिए एक एफडी बनवाई जाएगी। हमने पुलिस बल में 25 प्रतिशत महिलाओं को नौकरी देने की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें- लड़की हूं, लड़ सकती हूं नारे के साथ UP की सियासत में प्रियंका गांधी का बड़ा ऐलान, विधानसभा चुनाव में महिलाओं को कांग्रेस देगी 40 प्रतिशत टिकट