जन आक्रोश रैली में बोलीं प्रियंका, जो भी अधिकार कांग्रेस ने जनता को दिए, भाजपा ने उसे छीना, चुनाव में लाते हैं भावनात्‍मक मुद्दे

जन आक्रोश रैली
जन आक्रोश रैली को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के मंडला में ‘जन आक्रोश रैली’ को संबोधित कर भाजपा पर जमकर हमला बोला। प्रियंका ने आरोप लगाया कि भाजपा 18 साल से सत्ता में है और रोजगार के अवसर पैदा नहीं हुए, वे केवल लूट में व्यस्त हैं और हर जगह घोटाले हो रहे हैं। और वे चुनाव के समय अप्रासंगिक विषय लाते हैं जो लोगों के लिए भावनात्मक होते हैं। लोग रोजगार के लिए राज्य छोड़ रहे हैं और वे यहां आपके लिए रोजगार के अवसर पैदा नहीं कर रहे हैं, बल्कि जितने भी अधिकार कांग्रेस ने लोगों को दिए, भाजपा ने उसे भी छीन लिया।

प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की परंपरा देखिए- वनाधिकार कानून आपके लिए लाया गया ताकि वनों पर पहला अधिकार आपका हो, क्योंकि यही आपकी संस्कृति है। इसे संरक्षित और मजबूत करने के लिए आपको वन अधिकार कानून दिया गया। यहां जो भी राजनीतिक नेता आता है वह तीन शब्दों का प्रयोग करता है- जल, जंगल, जमीन, लेकिन इसके अंतर्निहित अर्थ को समझना जरूरी है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जितने भी अधिकार कांग्रेस ने लोगों को दिए और उनकी मजबूती के लिए जो-जो काम किए भाजपा ने एक-एक कर सारे अधिकार छीन लिए। आज सरपंचों के अधिकारों में कटौती है, मनरेगा को लागू ही नहीं किया, पलायन और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि गांव में रोजगार नहीं मिल रहा है। लोगों की जमीने छीनी जा रही हैं। फसल के सही दाम नहीं मिलते। विरोध करने पर गोलियां बरसाई जाती हैं। वन का अधिकार खत्म कर दिया। कमलनाथ जी ने पट्टे दिए थे वो काम भी भाजपा सरकार ने रोक दिया।

यह भी पढ़ें- जनसभा में प्रियंका ने कहा, जीवनभर जनता के हितों के लिए संघर्ष किया, कभी नहीं तोड़ा भरोसा

भाजपा पर हमला जारी रखते हुए आगे कहा कि क्या नेता सार्थक बात कर रहे हैं या ये आपके सामने आया एक ‘जुमला’ है। उन्होंने कहा कि यही कांग्रेस पार्टी की परंपरा और सिद्धांत रहा है। हम चाहते हैं कि देश की, राज्य की, आपके जिले की संपत्ति आपके हाथ में हो। हम चाहते हैं कि आप सशक्त बनें, आपको अपनी शक्ति मिले। जब आप विभिन्न पार्टियों के चुनावी भाषण सुनते हैं तो एक बात सोचते हैं। क्या वे आपकी सत्ता आपके हाथों में दे देंगे?

यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा लेटर, कहा हिमाचल आपदा को राष्ट्रीय आपदा करें घोषित