कोरोना का फैलाव रोकने के लिए अब पंजाब में वी‍केंड लॉकडाउन शुरू, नई गाइडलाइन जारी

वी‍केंड लॉकडाउन

आरयू वेब टीम। पंजाब में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए पंजाब सरकार ने सख्त कदम उठाया है। राज्य सरकार ने कोरोना को फैलने से रोकने के लिए फिर से लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है। इसके तहत वीकेंड और किसी भी छुट्टी वाले दिन संपूर्ण लॉकडाउन का होगा, जिसमें आवश्यक सेवाओं को छोड़कर किसी को भी घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी यानी शनिवार और रविवार को पंजाब में पूरी तरह लॉकडाउन रहेगा।

घोषणा के बाद पंजाब में वीकेंड लॉकडाउन का आज (शनिवार) पहला दिन है। जिसका सख्ती से पालन कराया जा रहा है। इसके अलावा पंजाब राज्य के बॉर्डर भी सील किए जाएंगे। पंजाब की राजधानी और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी इंटर-स्टेट बस सर्विस बंद कर दी गई है। फ्लाइट, ट्रेन से आने वाले यात्रियों को अब घर में 14 दिन तक क्वारेंटाइन रहना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने पंजाब में कोरोना महामारी से बचने के लिए वीकेंड और पब्लिक हॉलिडे के दिनों में लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने और मूवमेंट पास के बिना लोगों के बाहर निकलने पर रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं।

यह भी पढ़ें- लॉकडाउन-4 भी 14 दिनों तक रहेगा लागू, गृह मंत्रालय ने जारी की पूरी गाइडलाइन, आप भी देखें

साथ ही पंजाब में छुट्टी और वीकेंड के दौरान सभी नागरिकों को पंजाब सरकार के सीओवीए ऐप से ई-पास डाउनलोड करके ही मूवमेंट करनी होगी। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान सिर्फ मेडिकल स्टोर और जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को ही बाहर निकलने की इजाजत होगी।

बता दें कि अमरिंदर सिंह ने अधिकारियों के साथ शुक्रवार को अहम बैठक की, जिसमें कोरोना से राज्य को बचाने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। शुक्रवार को पंजाब सरकार ने नई गाइडलाइंस जारी की हैं जिसके मुताबिक वीकेंड और सार्वजनिक छुट्टी वाले दिनों पर अंतर-जिला आवाजाही पर रोक रहेगी, सिर्फ ई-पास धारकों को आवाजाही की अनुमति दी जाएगी।

नई गाइडलाइंस के अनुसार-

– जरूरी सामान की दुकानें सातों दिन शाम 7 बजे तक खुली रहेंगी।

– शराब की दुकानें सातों दिन रात आठ बजे तक खुली रहेंगी।

– रविवार को जरूरी सामान या सेवा से जुड़ी दुकानों को छोड़कर सभी दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी।

– शादी या पार्टी के लिए भी ई-पास जारी होगा, इसमें सिर्फ 50 लोग ही शामिल हो पाएंगे।

– अंतर राज्‍यीय परिवहन के लिए ई-पास लेना अनिवार्य होगा। यह सिर्फ जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को जारी किया जाएगा।

पंजाब में कोरोना संक्रमितों की संख्या तीन हजार के करीब

पंजाब में कोरोना के अब मामले लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, राज्य में अबतक कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 2,986 पहुंच गया है। वहीं मौत का आंकड़ा 63 हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि कोरोना के अबतक 2,282 मरीज ठीक भी हुए हैं।