पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर सोनिया गांधी, प्रियंका-राहुल ने दी श्रद्धांजलि

राजीव गांधी की पुण्यतिथि

आरयू वेब टीम। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता रहे राजीव गांधी की आज 31वीं पुण्यतिथि है। आज ही के दिन 31 साल पहले तमिलनाडु में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। पूरा देश आज राजीव गांधी को याद कर रहा है। वहीं कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी के वीर भूमि में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 31वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी, जबकि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी पिता को याद कर उनकी पुण्यतिथि पर भावुक हुएं। साथ ही कांग्रेस नेता पी चिदंबरम और सचिन पायलट ने भी दिल्ली के वीर भूमि पर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी।

पिता की पुण्यतिथि पर राहुल गांधी ने काफी भावुक ट्वीट किया है। अपने ट्वीट में राहुल गांधी ने लिखा कि मेरे पिता एक दूरदर्शी नेता थे, जिनकी नीतियों से आधुनिक भारत को आकार देने में मदद मिली। वह एक करुणामयी और दयालु व्यक्ति थे। मेरे और प्रियंका के लिए एक अद्भुत पिता थे, जिन्होंने हमें क्षमा और सहानुभूति के मूल्य के बारे में बताया। उन्होंने कहा, मैं उनकी कमी महसूस करता हूं, उस समय को सप्रेम याद करता हूं, जो हमने साथ गुजारे थे।

वहीं, कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया, विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के सबसे युवा प्रधानमंत्री, आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा, जिनकी दूरदर्शिता के फलस्वरूप ही देश कंप्यूटर युग में प्रवेश कर सका। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन।

यह भी पढ़ें- राजीव गांधी के हत्यारे को सुप्रीम कोर्ट ने दी जमानत, 31 साल से था जेल में बंद

गौरतलब है कि राजीव गांधी ने 1984 में अपनी मां और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद कांग्रेस की कमान संभाली थी। अक्टूबर 1984 में पदभार ग्रहण करने के बाद वह 40 वर्ष की आयु में भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने।

राजीव गांधी ने दो दिसंबर, 1989 तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। 20 अगस्त 1944 को जन्मे राजीव गांधी की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक चुनावी रैली के दौरान लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम के आत्मघाती हमलावरों द्वारा उनकी हत्या कर दी गई थी।

यह भी पढ़ें- अब कांग्रेस बोली, भाजपा समर्थित सरकार में हुआ कश्मीरी पंडितों का पलायन, राजीव गांधी ने घेरा था संसद, मोदी सरकार ने क्‍या किया?