जनसभा में बोले राहुल गांधी, BJP-RSS की प्रयोगशाला है मध्‍य प्रदेश, यहां…

राहुल गांधी
जनसभा को संबोधित करते राहुल गांधी।

आरयू वेब टीम। मध्य प्रदेश के शहडोल में आज राहुल गांधी ने भाजपा सरकार सहित आरएसएस पर जमकर हमला बोला। साथ ही कहा कि मध्य प्रदेश आरएसएस की प्रयोगशाला है। राहुल ने अपनी बात साबित करने के लिए पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्‍ण आडवाणी और उनकी किताब का जिक्र किया, जिसमें आडवाणी जी ने लिखा था कि आरएसएस और भाजपा का सच्चा लैब गुजरात नहीं मध्य प्रदेश में है।

राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा…जब मैं अपने भाषण की तैयारी कर रहा था तो मैंने सोचा, आडवाणी जी ने कहा था कि मध्य प्रदेश उनका कारखाना है तो चलो देखते हैं आरएसएस-बीजेपी की लैब में यहां क्या-क्या काम हो रहें। राहुल गांधी ने कहा, मैं दो-तीन उदाहरण आपको (जनता) देना चाहता हूं भाजपा की लैब में मरे हुए लोगों का इलाज किया जाता है। उनका पैसा चोरी किया जाता है। किसी प्रदेश में ऐसा नहीं होता है।

इतना ही नहीं मध्य प्रदेश में महाकाल कॉरिडोर में शिवजी से चोरी की जाती है। बच्चों के स्कूल यूनिफॉर्म, मिड-डे-मील का पैसा भाजपा के लैब में चोरी किया जाता है। भाजपा की  लैब में हर दिन तीन किसान आत्महत्या करते हैं। महिलाओं के साथ हर रोज बलात्कार होता है। कहा, भाजपा और आरएसएस के लैब में यही काम होता है। भाजपा के शासन मेे सिलेंडर 1200 रुपए का मिलता है।

यह भी पढ़ें- अमृतसर पहुंचे राहुल गांधी ने स्वर्ण मंदिर में टेका मत्था, लंगर हॉल में जूठे बर्तन धोकर की सेवा

वहीं राहुल गांधी ने आदिवासियों को बनवासी कहे जाने पर भी भाजपा पर हमला बोला और आरोप लगाया कि कोविड महामारी के समय मध्य प्रदेश के आदिवासियों को सड़ा हुआ अनाज दिया गया। राहुल ने कहा, आदिवासियों को जमीन और जंगल का हक मिलना चाहिए। कहा कि इसीलिए कांग्रेस ऐसा कानून लेकर आयी थी।

बता दें कि प्रदेश में 17 नवंबर को वोट डाले जायेंगे, तीन दिसंबर को चुनाव के परिणाम घोषित होंगे। राहुल गांधी आज विशेष विमान से दिल्ली से पूर्वाह्न लगभग 11.50 बजे सतना पहुंचे। वहां से राहुल गांधी और कमलनाथ हेलीकाप्टर से दोपहर 12.25 बजे शहडोल (विंध्य क्षेत्र) जिले के ब्यौहारी पहुंचे राहुल ने यहां कांग्रेस द्वारा आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस में वापसी कर बोले इमरान मसूद, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद शुरू हुआ परिवर्तन युग