कांग्रेस में वापसी कर बोले इमरान मसूद, राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद शुरू हुआ परिवर्तन युग

इमरान मसूद
कांग्रेस में इमरान मसूद का स्वागत करते दिग्गज नेता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/दिल्ली। पश्चिमी यूपी के कद्दावर मुस्लिम नेता इमरान मसूद की आखिरकार आज घर वापसी हो गई। इमरान मसूद शनिवार को कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। राजधानी दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में इमरान मसूद ने पार्टी की सदस्या ली है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इमरान मसूद को कांग्रेस में शामिल किया।

कांग्रेस में वापसी पर इमरान मसूद ने कहा है कि मौजूदा हालात में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की है। उसके बाद से परिवर्तन का युग शुरू हुआ है। पहले भी जब मैं पार्टी में था तो वहां काम करने का एक शानदार अनुभव मिला, लेकिन दुर्भाग्य से एक-डेढ़ साल तक मैं पार्टी का हिस्सा नहीं रहा, हालांकि अब मैं ‘घर वापसी’ कर रहा हूं।

लोकसभा चुनाव में चुनाव लड़ने के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी जहां से लड़ाएगी मैं लड़ने के लिए तैयार हूं जहां भी पार्टी लड़ने के लिए कहेगी पूरी कोशिश के साथ लडूंगा। जातिगत जनगणना पर कांग्रेस नेता यह बहुत अच्छी पहल है। पूरे देश में जातिगत जनगणना होनी चाहिए।

वहीं दानिश अली विवाद पर इमरान मसूद ने कहा कि संसद में जो भाषा दानिश अली के लिए बोली गई है वो संसद का अपमान है संसद में ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।

हाल ही में मुजफ्फरनगर में एक कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करते हुए इमरान ने कहा था कि मुसलमानों को एकजुट होकर कांग्रेस का समर्थन करना चाहिए क्योंकि उनके लिए कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। कांग्रेस नेता अब्बास अली खान के आवास पर उन्होंने कहा कि वर्तमान में दो ही विचारधारा रह गया है। मुसलमान, दलित और ब्राह्मण कांग्रेस के परम्परागत वोटर रहे हैं। यदि मुसलमान इधर लौट जाएं तो ब्रह्मण भी आ जायेंगे।

यह भी पढ़ें- फिर कांग्रेस में शामिल होंगे पश्चिमी यूपी के कद्दावर नेता इमरान मसूद

बता दें कि वर्ष 2022 में इमरान कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हुए थे, इसके बाद समाजवादी पार्टी को झटका देते हुए बसपा का दामन थाम लिया था। बसपा ने इमरान मसूद को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया था। इमरान मसूद उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा मुस्लिम चेहरा हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सीटों पर इमरान मसूद की अच्छी पकड़ है। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने अखिलेश यादव का हाथ थामा, लेकिन बाद में मायावती के साथ आ गये। बाद में इमरान मसूद को बिना कारण बताये नोटिस दिए हुए पार्टी से बाहर कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- मायावती का बड़ा फैसला, इमरान मसूद को किया बसपा से निष्कासित, लगा आरोप