राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह को दी जन्मदिन की बधाई, कहा आप के रूप में देश को महसूस हो रही प्रधानमंत्री की कमी

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह का आज 88वां जन्मदिन है। मनमोहन सिंह के जन्‍मदिन पर कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने उन्‍हें शुभकामनाएं दीं हैं। साथ ही कहा है कि मनमोहन सिंह के रूप में भारत को प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति महसूस हो रही है।

राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर पूर्व प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘डॉ. मनमोहन सिंह के रूप में भारत को प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति महसूस हो रही है। उनकी ईमानदारी, शालीनता और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्हें जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनाएं।’

यह भी पढ़ें- PM मोदी को मनमोहन सिंह की सलाह, प्रधानमंत्री को अपने बयान से चीन के षडयंत्रकारी रुख को नहीं देना चाहिए बल

बता दें कि मनमोहन सिंह साल 2004 से 2014 के बीच भारत के 13वें प्रधानमंत्री के तौर पर कार्यरत रह चुके हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जन्म भारत के विभाजन से पहले पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 26 सितंबर, 1932 में हुआ था। 2004 में प्रधानमंत्री बनने से पहले डॉ. मनमोहन सिंह ने 1998 से 2004 तक राज्यसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कार्य किया। इसके बाद मनमोहन सिंह ने यूपीए के नेतृत्व में अटल बिहारी वाजपेयी की एनडीए सरकार को हराने के बाद 2004 से 2014 के बीच भारत के 13वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लीं थी।

कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का सबसे अच्छा योगदान 1991 में नरसिम्हा राव सरकार के तहत आर्थिक सुधारों में था। वह राव के वित्त मंत्री थे। 1991 के बजट में एक के बाद एक आधुनिक भारत और देश में आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ाने के रोडमैप की नींव रखी गई। हालांकि, सिंह अपने बॉस पीवी नरसिम्हा राव के साथ क्रेडिट साझा करने से कभी नहीं रुके।

यह भी पढ़ें- केंद्रीय कर्मचारियों के DA में कटौती पर मनमोहन सिंह ने कहा, मुश्किल समय में भी नहीं लेना चाहिए ऐसा फैसला