मेयर व पार्षद प्रत्‍याशियों के लिए जनसभाएं कर योगी ने कहा राजधानी का स्‍वरूप बनेगा देश का मॉडल

देश का मॉडल
जनसभा में वरिष्ठ नेता व मंत्रियों के साथ वोट की अपील करते मुख्यमंत्री।

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले आज मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने राजधानी में जनसभाएं कर मेयर प्रत्‍याशी संयुक्‍ता भाटिया समेत भाजपा के सभासद पद के प्रत्‍याशियों को जिताने की जनता से अपील की है।

राजाजीपुरम् और अवध चौराहे पर योगी ने आयोजित जनसभा के दौरान कहा कि देश के सबसे बड़े राज्य की राजधानी का ऐसा स्वरूप होगा जो पूरे देश का रोल मॉडल बनेगा। लखनऊ स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने का भाजपा का लक्ष्य है।

सपा-बसपा पर‍ निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि पिछली सरकारों ने शरारत के तहत लखनऊ को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा। देश के सबसे बड़े राज्य की राजधानी का जैसा स्वरूप होना चाहिए वैसा हम बनाएगें। गोमती अविरल और निर्मल होगी। पिछली सरकार में नगर निकायों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया था।

अब नहीं दोहराई जा सकती कैराना जैसी घटना

सीएम ने कहा पिछली सत्ता के संरक्षण में माफिया व्यापारियों के संपत्ति पर काबिज थे। भय से व्यापारी पलायन करने पर मजबूर थे, लेकिन अब कैराना जैसी घटना नहीं दोहराई जा सकती। अब अपराधी प्रदेश से पलायन कर रहे है। अपराधी पुलिस मुठभेंड में मारे जा रहे है। आधिकांश अपराधी जमानत रद्द करवाकर जेल जा रहे है। कुछ अपराधी दूसरे प्रदेश में आत्‍मसमर्पण कर रहे है, यह बताता है कि आज प्रदेश में कानून का राज है। यूपी में रोजगार चाहिए तो निवेश का माहौल बनाना होगा, वो कानून के राज से ही सम्भव है।

कांवड़ यात्रा में बजेगा माइक व घंटा होगी पुष्‍प वर्षा

वहीं सपा सरकार पर भेदभाव की राजनीत करने का आरोप लगाते हुए योगी ने कहा कि पहले की सरकार ने कांवड़ यात्रा में माइक शंख, घंटे बजाने की पाबंदी के लिए बैठक बुलाई, लेकिन  इस सरकार ने साफ कर दिया माइक भी बजेगा, घंटे भी बजेंगे, और हेलीकाप्टर से पुष्प भी बरसेंगे।

यह भी पढ़े- भाजपा ने कहा लोकसभा और विधानसभा के बाद नगर निकाय में हार होती देख अखिलेश ने छोड़ा मैदान

फांसी का फंदा है सिद्धांत विहीन राजनीत

पूर्व प्रधानमंत्री का जिक्र करते हुए योगी बोले कि अटल जी ने लखनऊ का प्रतिनिधित्व किया है। वह कहा करते थे सिद्धांत विहीन राजनीति फांसी का फंदा है। भाजपा सैद्धान्तिक राजनीति के साथ काम कर रही है। मुख्‍यमंत्री ने दावा करते हुए कहा कि आठ महीने की सरकार में पूरे प्रदेश में अवैध बूचड़खाने और अवैध खनन बंद हुआ है।

अम्बेडकर जयंती से सभी जनपद मुख्यालय को 24 घंटे, तहसील मुख्यालयों को 20 तथा ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे निर्बाध बिजली दे रहे है। पहले बिजली वितरण में भेदभाव था। यातायात सुधार पर मुख्‍यमंत्री ने कहा कि पटरी दुकानदारों को व्यवस्थित पुनर्वास के लिए सर्वे करा लिया गया है। इससे यातायात बेहतर बनाने की योजना है। 40 लाख से अधिक लोगों को राशन कार्ड दिया गया हैं।

यह भी पढ़े- राजधानी पहुंचे राजनाथ सिंह ने कहा बिना भाजपा के मेयर के नहीं हो सकता लखनऊ का विकास

सभाओं में भाजपा के वरिष्‍ठ नेता लाल जी टण्डन, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, प्रदेश मंत्री गोबिन्द नारायन शुक्ला, मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, विधायक सुरेश श्रीवास्तव, पूर्व विधायक सुरेश तिवारी, नरेन्द्र सिंह राणा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मान सिंह, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा एवं आनन्द द्विवेदी समेत तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।