राजधानी पहुंचे राजनाथ सिंह ने कहा बिना भाजपा के मेयर के नहीं हो सकता लखनऊ का विकास

लखनऊ का विकास
सम्मेलन को संबोधित करते राजनाथ सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। हर चुनाव की अपनी अहमियत होती है, लेकिन निकाय चुनाव की अन्य चुनाव से ज्यादा अहमियत है। इस चुनाव में अगर जनता की कोई पहली पसंद है तो वह भाजपा है। बीजेपी के सभी विरोधी एक हो गए हैं और देश की अर्थव्यवस्था खराब होने का झूठा राग अलाप रहे हैं। यह बातें आज राजधानी पहुंचे गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने निरालानगर स्थित सरस्‍वती शिशु मंदिर में आयोजित नगर निकाय कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्‍य अतिथि के कही।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने आगे कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी रेटिंग एजेंसी मूडी ने माना है कि भारत की अर्थव्यवस्था बेहतरीन अर्थव्यवस्था है। सर्वाधिक पूंजी स्थापित करने की योग्यता किसी देश में है तो इंडिया में है।

वहीं राजनाथ सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का पसीना बेकार नहीं जायेगा, उन्हें मैं सिर पर बैठा कर चलूंगा। भाजपा में किसी का सिर झुकने नहीं दिया जाएगा। लखनऊ में जब तक हमारा मेयर नहीं होगा तब तक चाहकर भी यहां पर विकास नहीं किया जा सकता है। भाजपा सुशासन की राजनीति करती है। लखनऊ में 104 किमी लम्बी रिंग रोड पर काम चल रहा है। बिल क्लिंटन को मैंने यूपी के कुछ शहरों को चुनकर वहां विकास के काम करने के लिए आमंत्रित किया है।

यह भी पढ़ें- आर्मी की तर्ज पर SSB की भी होगी अपनी इंटेलिजेंस विंग: राजनाथ सिंह

सम्‍मलेन को संबोधित करते हुए डिप्‍टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि लखनऊ में एससी राय के समय विकास का एक नया स्वरूप गढ़ा गया, वह आज भी अनुकरणीय है। पूरे लखनऊ में सीवरेज की व्यवस्था करना एक बड़ी समस्या थी, उसे हमने दूर किया है। अमीनाबाद गर्ल्स कॉलेज में पहले कोई पढ़ना नहीं चाहता था, लेकिन आज वहां एडमिशन के लिए मारा-मारी होती है।

छुट्टा जानवरों की बढ़ती समस्‍या पर उप मुख्‍यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में बंदरों और अन्‍य जानवरों के लिए एक नए अभ्यारण्य का निर्माण के लिए विचार किया जा रहा है। साथ ही में घुमंतु पशुओं के इलाज और निवास के लिए भी बेहतरीन कान्हा उपवन का निर्माण कराया गया है। जबकि भाजपा ने सभी वर्गों को जोड़ने के लिए शहर में झूलेलाल पार्क, सिंधु पार्क, मेंहदी पार्क, लक्ष्मण मेला मैदान का निर्माण कराया।

यह भी पढ़ें- भाजपा ने कहा लोकसभा और विधानसभा के बाद नगर निकाय में हार होती देख अखिलेश ने छोड़ा मैदान

सम्मेलन में राष्ट्रीय प्रवक्‍ता सुधांशु त्रिवेदी, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, प्रदेश मंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, क्षेत्रीय संगठन मंत्री ब्रज बहादुर, कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, आशुतोष टण्डन, ब्रजेश पाठक, लखनऊ महानगर की मेयर प्रत्याशी संयुक्ता भाटिया, विधायक नीरज बोरा, सुरेश श्रीवास्तव, जयपाल सिंह, प्रदेश मीडिया संपर्क प्रमुख मनीष दीक्षित समेत तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- तीन पूर्व विधायकों समेत सपा, कांग्रेस व बसपा के इन दिग्‍गजों ने थामा भाजपा का दामन