‘एक देश, एक चुनाव’ राजनीतिक स्थिरता व विकास के लिए साबित होगा मील का पत्थर: CM योगी

योगी आदित्‍यनाथ

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। केंद्रीय कैबिनेट से एक देश एक इलेक्शन के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंदीय कैबिनेट का आभार जताया। सीएम योगी ने इस निर्णय को देश में राजनीतिक स्थिरता, सतत विकास और समृद्ध लोकतंत्र के लिए ‘मील का पत्थर’ करार दिया है।

मुख्यमंत्री योगी ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर कहा कि, “एक समृद्ध लोकतंत्र के लिए राजनीतिक स्थिरता अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट द्वारा वन नेशन, वन इलेक्शन प्रस्ताव को दी गई मंजूरी अभिनंदनीय है। देश में राजनीतिक स्थिरता, सतत विकास और समृद्ध लोकतंत्र की सुनिश्चितता में यह निर्णय ‘मील का पत्थर’ सिद्ध होगा। इस युगांतरकारी निर्णय के लिए उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार।”

यह भी पढ़ें- RML स्थापना दिवस पर खुद से जुड़ा किस्‍सा सुनाकर बोले CM योगी, अनुभवी डॉक्टर मरीज देख समझ जाते हैं किसको क्या बीमारी

बता दें कि कोविंद समिति का गठन 2 सितंबर 2023 को किया गया था। समिति ने करीब 190 दिनों तक राजनीतिक दलों तथा विभिन्न हितधारकों के साथ मंथन करने के बाद 18,626 पन्नों की रिपोर्ट तैयार की थी। आठ सदस्यीय समिति ने आम लोगों से भी राय आमंत्रित की थी। आम लोगों की तरफ से 21,558 सुझाव मिले।

इसके अलावा 47 राजनीतिक दलों ने भी अपने राय और सुझाव दिए, जिनमें 32 ने इसका समर्थन किया था। कुल 80 प्रतिशत सुझाव वन नेशन, वन इलेक्शन के पक्ष में आए थे। समिति ने देश के प्रमुख उद्योग संगठनों और अर्थशास्त्रियों के भी सुझाव लिए थे। वन नेशन वन इलेक्शन करवाने के प्रस्ताव को बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। अब केंद्र सरकार शीतकालीन सत्र यानी नवंबर-दिसंबर में संसद में इससे संबंधित विधेयक पेश कर सकती है।

यह भी पढ़ें- वन नेशन, वन इलेक्शन  को मोदी की कैबिनेट से मंजूरी, शीतकालीन सत्र में पेश हो सकता है विधेयक