राज्यसभा चुनाव के लिए AAP ने घोषित किया उम्मीदवार, उद्योगपति राजिंदर के नाम पर लगी मुहर

राजिंदर गुप्ता
राजिंदर गुप्ता। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। आम आदमी पार्टी ने पंजाब से राज्यसभा की खाली सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। अब इस सीट उद्योगपति राजिंदर गुप्ता चुनावी मैदान में उतरेंगे। आधिकारिक रूप से पार्टी ने उनके नाम की घोषणा कर दी है। ये सीट संजय अरोड़ा के विधानसभा उपचुनाव लड़ने और मंत्री बनने के बाद खाली हुई थी।

दरअसल पंजाब से राज्यसभा की एक सीट के लिए 24 अक्टूबर को उपचुनाव होना है। इस सीट के लिए पहले ओसवाल ग्रुप के कमल ओसवाल का नाम सबसे आगे चल रहा था, लेकिन आखिरी समय में पार्टी ने राजिंदर गुप्ता के नाम पर मुहर लगा दी। यह आम आदमी पार्टी की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें वह उद्योग जगत के चेहरों को राज्यसभा में भेजकर राजनीतिक और औद्योगिक संतुलन साधने की कोशिश कर रही है।

राजिंदर गुप्ता पंजाब के प्रमुख उद्योगपतियों में से एक हैं और ट्राइडेंट ग्रुप के संस्थापक व चेयरमैन हैं। ये ग्रुप एक बिलियन डॉलर से अधिक का कारोबार करता है और इसके उत्पाद भारत सहित कई देशों में निर्यात किए जाते हैं। ट्राइडेंट ग्रुप का मुख्यालय लुधियाना, पंजाब में स्थित है। इसकी प्रमुख इंडस्ट्रीज में होम टेक्सटाइल्स, पेपर निर्माण, केमिकल्स और पावर शामिल हैं।

राजिंदर गुप्ता का जन्म दो जनवरी 1959 को हुआ था। वे लंबे समय तक पंजाब के सबसे अमीर व्यक्तियों में गिने जाते रहे हैं और राज्य में उद्योग जगत का एक बड़ा नाम हैं। पंजाब की इस राज्यसभा सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा हो चुकी है। मतदान और मतगणना 24 अक्टूबर को होगी। चूंकि आम आदमी पार्टी के पास विधानसभा में स्पष्ट बहुमत है, इसलिए राजिंदर गुप्ता का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर की चार, पंजाब की एक राज्यसभा सीटों पर चुनाव की तारीख का ऐलान, 24 अक्टूबर को होगी वोटिंग

बता दें कि इस सीट पर मतदान और मतगणना 24 अक्बटूर को होगी। उपचुनाव का नोटिफिकेशन छह अक्टूबर को होगा। नामांकन की अंतिम तारीख 13 अक्टूबर है। नाम वापसी 16 अक्टूबर तक हो सकेगी। 24 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। शाम को नतीजे का ऐलान कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- AAP के पूर्व मंत्री पर ED का बड़ा एक्शन, सत्येंद्र जैन की करोड़ों की प्रॉपर्टी किया कुर्क