आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने अपने तीन बागी विधायकों को पार्टी से निकाल दिया है। सपा की तरफ से कहा गया है कि पार्टी की मूल विचारधारा के खिलाफ जाने के कारण इन लोगों को निष्काषित किया गया है। साथ ही इन सभी विधायकों को हृदय परिवर्तन के लिए समय दिया गया था और ये समय खत्म होने के साथ ही पार्टी से इनकी सदस्यता आधिकारिक तौर पर खत्म कर दी गई है।
समाजवादी पार्टी की तरफ से एक्स पोस्टकर बताया गया कि “समाजवादी सौहार्दपूर्ण सकारात्मक विचारधारा की राजनीति के विपरीत साम्प्रदायिक विभाजनकारी नकारात्मकता व किसान, महिला, युवा, कारोबारी, नौकरीपेशा और ‘पीडीए विरोधी’ विचारधारा का साथ देने के कारण, समाजवादी पार्टी जनहित में निम्नांकित विधायकों को पार्टी से निष्कासित करती है। जिनमें विधायक गोशाईगंज अभय सिंह, विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह, विधायक ऊंचाहार मनोज कुमार पाण्डेय शामिल हैं।
आगे बताया गया है कि इन लोगों को हृदय परिवर्तन के लिए दी गयी ‘अनुग्रह-अवधि’ की समय-सीमा अब पूर्ण हुई, शेष की समय-सीमा अच्छे व्यवहार के कारण शेष है। भविष्य में भी ‘जन-विरोधी’ लोगों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं होगा और पार्टी के मूल विचार की विरोधी गतिविधियां सदैव अक्षम्य मानी जाएंगी। जहां रहें, विश्वसनीय रहें।”
यह भी पढ़ें- सपा नेता विनय शंकर तिवारी को इलाहाबाद हाई कोर्ट से राहत, 754 करोड़ के बैंक लोन घोटाले में मिली जमानत
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के तीन विधायकों ने पिछले साल राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग की थी। इसके बाद से तीनों विधायक पार्टी से अलग चल रहे थे। क्रॉस वोटिंग के बाद तीनों विधायक न तो सपा के किसी कार्यक्रम में जाते थे, न ही पार्टी ऑफिस पहुंचते थे। इसके बाद तीनों को पार्टी से निकाल दिया गया है।



















