रामनवमी पर यूपी में लगातार रहेगी दो दिन छुट्टी, सरकार ने लिया फैसला

रामनवमी
प्रतीकात्मक फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। रामनवमी पर योगी सरकार ने बड़ा ऐलान करते हुए 26 मार्च के साथ ही 27 मार्च को भी अवकाश घोषित किया है। इस तरह से अब रामनवमी की लगातार छुट्टी दो दिनों की रहेगी। मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए योगी सरकार ने ये निर्णय लिया गया है।

राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि रामनवमी की नवमी तिथि 26 मार्च को दोपहर में शुरू होकर 27 मार्च को सुबह तक रहेगी। अयोध्या समेत कई जगहों पर उदयातिथि के अनुसार मुख्य उत्सव 27 मार्च को मनाया जाएगा। जनभावना का सम्मान करते हुए सरकार ने 27 मार्च को अतिरिक्त अवकाश घोषित कर भक्तों की आस्था और सुविधा को प्राथमिकता दी है।

सरकारी प्रवक्ता की मानें तो ये निर्णय श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए लिया गया है। 26 मार्च को पहले से घोषित छुट्टी के साथ अब 27 मार्च को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा, जिससे कर्मचारियों और आम नागरिकों को रामनवमी के पर्व को पूरे उल्लास के साथ मनाने का अवसर मिलेगा।

दूसरी ओर अयोध्या, अयोध्या धाम, फैजाबाद समेत पूरे प्रदेश में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय अधिकारी भक्तों की सुविधा के लिए 24 घंटे अलर्ट मोड पर हैं।

यह भी पढ़ें- BJP सरकार के नौ साल पूरे होने पर बोले CM योगी, डबल इंजन ने रोजगार-सुशासन का स्थापित किया नया मॉडल

वहीं कोर्ट में भी रामनवमी का अवकाश पहले 26 मार्च को घोषित था, लेकिन अब हाईकोर्ट ने भी इस छुट्टी को 27 मार्च से बदल दिया है। 26 मार्च को अदालतों में सामान्य कार्य जारी रहेगा और हाईकोर्ट के अनुसार सभी न्यायालयों में 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर अवकाश रहेगा।

यह भी पढ़ें- CM योगी का सभी भर्ती बोर्ड के चेयरपर्सन्स को निर्देश, किसी भी जाति, पंथ पर अमर्यादित टिप्पणी नहीं करेंगे बर्दाश्त