सपा के पूर्व विधायक ने समर्थकों के साथ थामा भाजपा का दामन, BSP नेता भी हुए BJP में शामिल

राधेलाल रावत
नेताओं का स्वागत करते प्रदेश अध्यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उन्नाव के मोहान से सपा के पूर्व विधायक राधेलाल रावत ने अपने समर्थकों के साथ सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय पर भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सभी को पार्टी की सदस्‍यता दिलायी।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्‍व में भारत के गौरव को बढ़ाया है। उन्होंने कहा मोदी-योगी सरकार द्वारा लोककल्याण के लिए किये जा रहे कार्यो और योजनाओं के माध्यम से आमजन को मिल रही सुविधाओं से आम जनमानस का विश्‍वास भाजपा और उसके नेतृत्व के प्रति और अधिक बढ़ा है।

इस दौरान आजमगढ़ नगर पालिका परिषद की निर्दलीय अध्यक्ष शीला श्रीवास्तव के साथ उनके पुत्र प्रणीत श्रीवास्तव भी अपने समर्थकों के साथ के भाजपा में शामिल हुए। इसकेे अलावा उन्नाव के हसनगंज से जिला पंचायत सदस्य मनोज कन्नौजिया, सपा के पूर्व ब्लाक प्रमुख शशिकांत सिंह, विजय शर्मा, बीडीसी सदस्य मनोज कुमार, ग्राम प्रधान कुरौली रघुवीर मौर्य, पूर्व ब्लाक प्रमुख रेसू तिवारी, खुशीराम रावत, कुलदीप रावत, सपा के पूर्व विधानसभा सचिव कन्हैया सिंह, बसपा के पूर्व सेक्टर अध्यक्ष जगजीवन रावत, सपा के पूर्व सेक्टर अध्यक्ष सूर्यपाल रावत, बसपा के धरघटा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रणधीर मौर्य, पूर्व जिला सचिव बसपा राम किशोर पाल, ग्राम प्रधान श्रीराम, ताज मोहम्मद, सुभाष गोस्वामी, पप्पू गुप्ता, रामसागर यादव, पूर्व प्रधान अर्जुन यादव, राम कुमार लोधी, ग्राम प्रधान मनोज रावत, दिलीप सिंह ने भी आज बीजेपी की सदस्‍यता हासिल की। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर व अन्‍य नेता उपस्थित रहें।

यह भी पढ़ें- सपा को झटका, भाजपा में शामिल हुए पूर्व पीएम चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर ने कहा, मोदी के हाथों में सुरक्षित है देश का भविष्‍य

साथ ही स्‍वतंत्र देव ने कहा कि आज पूरे विश्‍व में भारत सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरकर सामने आया है। मोदी व अमित शाह के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 व 35ए की समाप्ति, तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त करने सहित कई अन्य साहसिक निर्णय केंद्र सरकार ने लिये है। मोदी-योगी सरकारों द्वारा किये जा रहे कार्यो से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में विभिन्न दलो से जुड़े नेता व कार्यकर्ता भी भाजपा से जुड़ रहे है।

प्रदेश अध्यक्ष आज सदस्यता ग्रहण करने वालों से बोले कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भाजपा को मजबूत करते हुए मोदी-योगी सरकार के द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए अपनी भूमिका का निर्वहन करें।

यह भी पढ़ें- सपा के पूर्व नेता संजय सेठ और सुरेंद्र सिंह नागर ने थामा BJP का दामन