सपा में शामिल हुए भाजपा के पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह

राम इकबाल सिंह

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के दल बदलने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह सोमवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। बलिया जिले के रहने वाले राम इकबाल सिंह भाजपा के पुराने नेता थे।

राम इकबाल सिंह को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी भी उपस्थित रहे।

भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य राम इकबाल सिंह बलिया की तिलक हर विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे। वह भाजपा के वरिष्ठ और पुराने नेताओं में से एक थे। आज उन्होंने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। उल्लेखनीय है कि राम इकबाल सिंह कोरोना काल सहित तमाम अन्य मौके पर योगी सरकार की अव्यवस्था को लेकर सवाल उठाते रहे हैं।

पिछले दिनों धान की खरीद और खाद की उपलब्धता न होने को लेकर भी उन्होंने पत्र लिखे थे और सार्वजनिक रूप से सरकार की कार्यशैली को लेकर सवाल भी खड़े किए थे। पूर्वांचल के बलिया से आने वाले राम इकबाल सिंह के समाजवादी पार्टी में शामिल होने से भाजपा के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है। पूर्वांचल में भाजपा के कई बड़े नेता पिछले कुछ समय में समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं।

यह भी पढ़ें- हरिशंकर तिवारी के बेटों को सपा में शामिल कर बोले अखिलेश, भाजपा को करेंगे साफ