अच्‍छे दिनों के नाम पर जनता को धोखा देने वाली भाजपा की लोकसभा चुनाव में तय है हार: अखिलेश

धोखा

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा के साथ ही मोदी और योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। सपा अध्‍यक्ष ने कहा कि अच्छे दिनों के नाम पर जनता को धोखा देने वाली भाजपा की पराजय तय है। भाजपा की नीति और नीयत दोनों में खोट है। भाजपा ने जो वादें किए थे वे सभी झूठे साबित हो चुके हैं। नौकरियां मिलने की जगह बेरोजगारी बढ़ रही है।

सपा के गठबंधन से बौखला कर भाजपा… 

अपने एक बयान में अखिलेश ने हमला जारी रखते हुए मीडिया से कहा कि भाजपा सत्ता दल के अहंकार में भयादोहन और प्रलोभन के बल पर कई तरह के षडयंत्र कर रही है। झूठ, फरेब और साजिश के हथकंडे अपनाकर वह अब कुछ हासिल नहीं कर सकेगी, क्योंकि जनता ने उसे हटाने का मन बना लिया है। सपा के गठबंधन से भाजपा बौखला कर अलोकतांत्रिक कृत्य करने पर उतारू है। इस सबसे जनता में भाजपा की बात की साख गिर गई है।

यह भी पढ़ें- मोदी के ट्विट पर अखिलेश का जनता से अनुरोध, ज्यादा से ज्यादा मतदान कर चुनें नया प्रधानमंत्री

चरम पर है छात्रों-नौजवानों का उत्पीड़न

पूर्व सीएम ने आगे कहा कि मोदी और योगी सरकार की कुनीतियों से जनता में रोष व्याप्त है। समाज का प्रत्येक वर्ग बेहाल है। किसानों की समस्या का समाधान करने में भाजपा सरकार की उदासीनता जग जाहिर है। छात्रों-नौजवानों का उत्पीड़न चरम पर है। व्यापारी डरे हुए हैं। महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ गयी है। जनता अब भाजपा को सबक सिखाने के इंतजार में हैं।

देश में एकाधिकारवादी मनोवृत्ति को बढ़ावा दे रहे भाजपा और आरएसएस 

वहीं बीजेपी के साथ ही आज अखिलेश ने राष्‍ट्रीय स्‍वंयसेवक संघ (आरएसएस) को भी निशाने पर लेते हुए बोले कि भाजपा और आरएसएस देश में एकाधिकारवादी मनोवृत्ति को बढ़ावा दे रहे। इनका जनहित और लोकलाज से कोई मतलब नहीं है।

यह भी पढ़ें- शाम को सपा ने बदली स्‍टार प्रचारकों की लिस्‍ट, पहले नंबर पर मिली मुलायम सिंह को जगह