सपा प्रत्याशी आसिम राजा ने नामांकन दाखिल कर कहा, सिर्फ आजम खान की देन है रामपुर का विकास

रामपुर का विकास

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/रामपुर। रामपुर शहर विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए सपा के आसिम राजा ने गुरुवार को अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। नमांकन के लिए रामपुर कलक्ट्रेट जाते समय उनके साथ सपा के कद्दावर नेता आजम खान, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल व नगर पालिका अध्यक्ष फातिमा जबी व नासिर सुल्तान एडवोकेट मौजूद रहे। पालिकाध्यक्ष फातिमा जबी और पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल उनके प्रस्तावक रहे।

नामांकन दाखिल करने के बाद आसिम राजा ने मीडिया से बातचीत की और जमकर सपा के वरिष्ठ नेता और रामपुर के पूर्व विधायक आजम खान की तारीफ की। उन्होंने शहर के विकास पर बात करते हुुए कहा कि ‘जितना रामपुर आज नजर आ रहा है यह सिर्फ उन्हीं (आजम खान) की देन है।’ आसिम राजा” ने कहा कि आजम खान लोगों के दिलों में जगह बनाई है। लोगों ने हमेशा मोहब्बत से उन्हें जवाब दिया है। शांति, अमन और निष्पक्ष चुनाव होना चाहिए।

यह भी पढ़ें- सपा-रालोद मिलकर लड़ेंगे रामपुर-मैनपुरी सीट का उपचुनाव, खतौली में होगा रालोद का प्रत्याशी

आगे कहा कि आजम खान दस बार यहां से विधायक चुने जा चुके हैं और पांच तारीख को 11वीं बार विधायक चुने जाएंगे। हम एक साधारण कार्यकर्ता हैं। उन्होंने भरोसा जताया है, हमारा चेहरा हो सकता है, हमारा नाम हो सकता है, लेकिन सबकुछ आजम खान साहब का है। ये शहर आजम साहब का है, सियासत आजम खान की है और जीत भी उन्हीं की होगी।”

जनता ने 45 साल तक साथ दिया…

वहीं इस दौरान आजम खान ने कहा कि जुल्म और सितम की हद हो गई है। आज किसी की जीत हार का सवाल नहीं है। मेरे साथ जो हुआ है, उसे बर्दाश्त नहीं करत सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने 45 साल तक साथ दिया है, आगे भी देंगे।

गौरतलब है कि हेट स्पीच मामले में आजम खान की विधायकी जाने के बाद यहां रामपुर में विधानसभा का उपचुनाव हो रहा है। बता दें कि यहां पांच दिसंबर को वोटिंग होगी जबकि आठ दिसंबर को नतीजे घोषित होंगे।

यह भी पढ़ें- आसिम राजा पर सपा ने फिर जताया भरोसा, रामपुर सीट से दिया टिकट