आजम खान की मौजूदगी में पत्‍नी तंजीन ने दाखिल किया नामांकन, कार्यकार्ताओं ने लगाए जिंदाबाद के नारे

तजीन फातिमा
नामांकन दाखिल करतीं तंजीन फातिमा।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/रामपुर। लंबे समय से 84 से ज्यादा मुकदमों में फंसे समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान दो महीने बाद सोमवार को रामपुर पहुंचे। आजम अपनी पत्‍नी तजीन फातिमा के नामांकन में शामिल हुए। आज सुबह पत्नी तंजीन फातिमा ने पहले 30 लाख का जुर्माना भरा। उसके बाद नामांकन दाखिल किया। सपा ने विधानसभा उपचुनाव में रामपुर की जिम्‍मेदारी आजम की पत्‍नी तजीन फातिमा को सौंपी है।

तंजीन फातिमा पर बिजली विभाग ने हमसफर रिसॉर्ट में बिजली चोरी के मामले में जुर्माना लगाया था। नामांकन के लिए बिजली विभाग की एनओसी जरूरी थी। यही वजह है कि तंजीन फातिमा ने पहले बिजली विभाग में 30 लाख का जुर्माना भरा उसके बाद अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकीं।

वहीं आजम खान के पहुंचते ही सपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर आजम खान जिंदाबाद के नारे लगाए। कलेक्ट्रेट में भी आजम के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। समाजवादी पार्टी ने अपने इस मजबूत किले को बचाने की जिम्मेदारी आजम खान को सौंपी है।

यह भी पढ़ें- सपा ने जारी की रामपुर, घोसी, प्रतापगढ़ सहित छह सीटों से उम्‍मीदवारों की लिस्‍ट

गौरतलब है कि आजम खान इस सीट से नौ बार विधायक रहे हैं। इतना ही नहीं 1993 के बाद से समाजवादी पार्टी यह सीट कभी नहीं हारी, लेकिन इस बार परिस्थितियां अलग हैं। 84 से ज्यादा मुकदमों में फंसे आजम खान और उनके परिवार के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का विषय है।

बता दें कि आजम खान को एसआइटी ने जमीन कब्जे के मामले में पेश होने का नोटिस भेजा है। उन्हें आज ही पेश होना है। इससे पहले भेजे गए नोटिस का उन्होंने जवाब नहीं दिया था और न ही पेश हुए थे।

यह भी पढ़ें- रामपुर दौरा रद्द होने पर योगी सरकार पर बरसे अखिलेश, 2022 का विधानसभा चुनाव भी सपा के अकेले लड़ने का किया ऐलान

बताया जा रहा है कि काफी समय से वह रामपुर में नहीं हैं। इतना ही नहीं 13 सितंबर को जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रामपुर पहुंचे थे, तब भी आजम खान नहीं आए थे। अखिलेश यादव आजम के समर्थन में ही रामपुर गए थे।

यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट ने आजम को दी बड़ी राहत, 29 FIR की गिरफ्तारी पर लगाई रोक