आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्त चेतावनियों के बाद भी लखनऊ विकास प्राधिकरण के इंजीनियर प्राइवेट के साथ सरकारी जमीन पर भी अवैध निर्माण को संरक्षण देने से नहीं डर रहें हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आने पर आज एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने जोन सात के सहायक अभियंता पर कार्रवाई की है। साथ ही एक अन्य मामले में दो सुपरवाइजरों को जहां निलंबित किया, वहीं काम में ढिलाई बरतने वाले एक ठेकेदार पर भी पांच लाख का जुर्माना लगाया है। इंजीनियर, कर्मियों व ठेकेदार पर यह कार्रवाई बसंत कुंज योजना का निरीक्षण करने के बाद आज वीसी ने की है।
निरीक्षण के दौरान वीसी ने देखा कि सेक्टर-आई में मैंगो पार्क के पास नजूल भूमि खसरा संख्या-591 पर कुछ लोगों ने अवैध निर्माण किया है। पूछताछ में प्रथमेश कुमार को पता चला कि सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण होने के बाद भी जोन सात की प्रवर्तन टीम अवैध निर्माण को संरक्षण दे रही है। इस पर उपाध्यक्ष ने सहायक अभियंता अनूप श्रीवास्तव को जिम्मेदार मानते हुए एई के खिलाफ निलंबन की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का अधिकारियों को निर्देश दिया है, हालांकि आज देर शाम तक वीसी को रिपोर्ट नहीं भेजी गयी थीं।
एई पर कार्रवाई के साथ ही उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पूरी बसंत कुंज योजना में निर्मित व निर्माणाधीन भवनों का सर्वे कराया जाए और बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए।
गायब मिले लापरवाह सुपरवाइजर
इसके अलावा अभियंत्रण जोन सात में प्रचलित विकास कार्यों की समीक्षा में पाया गया कि क्षेत्रीय सुपरवाइजर जगरूप यादव व सूरज कुमार काम में लगातार लापरवाही बरत रहें। निरीक्षण के दौरान भी दोनों सुपरवाइजर गायब मिले थे। इससे नाराज उपाध्यक्ष ने दोनों सुपरवाइजर को निलंबित करने के आदेश दिये हैं।
पम्पिंग स्टेशन के काम में गड़बड़ी पर जुर्माना
वहीं राष्ट्र प्रेरणा स्थल के निरीक्षण के दौरान वीसी को जल निकासी के लिए प्रेरणा स्थल के पास निर्मित किये जा रहे फ्लड पम्पिंग स्टेशन के काम में गड़बड़ी मिली। इसपर वीसी ने कार्यदायी संस्था मेसर्स एकमे पम्पस एण्ड पॉवर प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड पर पांच लाख रूपये का जुर्माना लगाया है।
काटे जाएंगे प्लॉट
उपाध्यक्ष ने गुरुवार को बसंत कुंज योजना के सेक्टर-जे, के, आई और ओ का निरीक्षण किया। इसमें पाया गया कि कुछ जगहों पर ग्रीन बेल्ट व आबादी के पास रिक्त पड़ी अर्जित भूमि अभी भी अनियोजित है। उपाध्यक्ष ने ऐसी सभी भूमि को नियोजित करके नये आवासीय व व्यावसायिक प्लॉट काटने का निर्देश दिया। साथ ही सेक्टर-ए में सर्वे का कार्य दो सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
पार्क-सड़कों का काम कराएं जल्दी
उपाध्यक्ष ने हरदोई रोड स्थित जॉगर्स पार्क और योजना में विकसित किये जा रहे आयुर्वेदा पार्क व मैंगो पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्कों में चल रहे करोड़ों रुपये के विकास, सौंदर्यीकरण व हॉर्टीकल्चर के कामों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। साथ ही बरसात में खराब हुई सड़कों की मरम्मत का काम शुरू कराने के लिए कहा।
यह भी पढ़ें- कमिश्नर की जनसुनवाई में बोला फरियादी, “शिकायत के बाद भी LDA अफसरों ने नहीं की अवैध निर्माण पर कार्रवाई, अब दबंग दे रहें हत्या कराने की धमकी”
निरीक्षण के दौरान वीसी के मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा, प्रभारी अधिकारी अर्जन विपिन कुमार शिवहरे, जोनल अधिकारी माधवेश कुमार, अधिशासी अभियंता मनोज सागर एवं नीरज कुमार, तहसीलदार हेमचन्द्र तिवारी समेत अन्य अफसर-इंजीनियर मौजूद रहें।




















