शिवपाल यादव ने दी द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई, कहा सपा के लोगों ने भी दिया वोट

शिवपाल यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने बड़ी जीत हासिल की है। द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी विधायक और प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। आज शिवपाल ने कहा कि पहली बार आदिवासी समाज की महिला राष्ट्रपति बनी हैं, मैं उनको बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि नेताजी (मुलायम यादव) के विचारों पर चलने वाले कभी नेताजी का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं।

साथ ही प्रसपा प्रमुख ने कहा कि मैंने भी द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा, हां सपा के कुछ लोगों ने द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। दरअसल, मुर्मू का मुकाबला विपक्ष की संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से था। द्रौपदी मुर्मू के दिल्ली आवास पर जश्न का माहौल है।

सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को योगी सरकार ने वाई श्रेणी की सुरक्षा देने के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि ओपी राजभर ने सरकार से सुरक्षा की एप्लीकेशन दी होगी। वहीं सरकार को जरूरी लगा होगा इसलिए उन्हें सुरक्षा दी होगी। इसको राष्ट्रपति चुनाव से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। साथ ही सपा प्रमुख अखिलेश को नसीहत देते हुए कहा कि अगर हमारी राय मानते होते तो आज नतीजे कुछ दूसरे होते।

यह भी पढ़ें- शिवपाल ने किया राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान, बताई वजह, अखिलेश पर भी साधा निशाना

बता दें कि इसके पहले शिवपाल यादव, सीएम योगी द्वारा एनडीए कैंडिडेट द्रौपदी मुर्मू के सम्‍मान में आयोजित डिनर में भी शामिल हुए थे। उस डिनर डिप्‍लोमेसी में सुभासपा चीफ ओमप्रकाश राजभर और शिवपाल की मौजूदगी को लेकर कहा जाने लगा था बीजेपी ने विपक्ष में सेंध लगा दी है। इसके अलावा बरेली के भोजीपुरा से विधायक सपा विधायक शहजिल इस्लाम ने भी द्रौपदी मुर्मू को वोट किया है।

यह भी पढ़ें- शिवपाल का अखिलेश को लेटर, नेताजी को ISIS का एजेंट बताने वाले यशवंत सिन्हा को समर्थन कर मजाक बनकर रह गई सपा