आरयू वेब टीम। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में शुक्रवार को आतंकियों ने दो पुलिसकर्मियों को बेहद नजदीक से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। तीन दिन में इस तरह की यह दूसरी घटना है, जो सीसीटीवी में कैद हुई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के कांस्टेबल सोहेल और मोहम्मद यूसुफ शहर के बाघट बारजुला एशिया के एक टी स्टाल पर थे तभी यह हमला हुआ। हमले में घायल दोनों पुलिसकर्मियों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि हमलावरों की तलाश में सुरक्षाबलों की ओर से सघन अभियान छेड़ा गया। बाघर बारजुला एरिया अति सुरक्षा वाले एयरपोर्ट रोड पर है। श्रीनगर में पिछले तीन दिनों में यह इस तरह का दूसरा हमला है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में तीन आतंकियों को किया ढेर, पुलिसकर्मी शहीद
इससे पहले बुधवार को आतंकियों ने शहर के हाई सिक्युरिटी वाले दुर्गनाग एरिया में एक रेस्टोरेंट मालिक के बेटे को गोली मारकर घायल कर दिया था। ये हमला यूरोपीय यूनियन सहित विभिन्न देशों के 24 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के जम्मू-कश्मीर दौरे के कुछ घंटों के बाद ही सामने आया था।




















