अफगानिस्तान में फिर शिया मस्जिद में नमाज के दौरान धमाका, 16 की मौत, 40 घायल

अफगानिस्तान
ब्लास्ट के बाद मस्जिद में मौजूद लोग।

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। अफगानिस्तान के कंधार शहर की शिया मस्जिद में शुक्रवार दोपहर जोरदार धमाका हुआ। धमाके में 16 लोगों की मौत हो गई और 40 से ज्यादा घायल हुए हैं। जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद को लगातार दूसरे सप्ताह निशाना बनाया गया है। पिछले सप्ताह कुंदुंज प्रांत में इसी तरह बम धमाका किया गया था।

स्थानीय अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि कंधार के सिटी पुलिस डिस्ट्रिक्ट 1 (पीडी1) स्थित मस्जिद में यह धमाका हुआ। विस्फोट में 16 लोग मारे गए हैं और 40 अन्य घायल हुए हैं। हमले की अभी किसी आतंकी समूह ने जिम्मेदारी नहीं ली है। कंधार में हुआ धमाका इसलिए चौंकाने वाला है, क्योंकि यह तालिबान का गढ़ है। यानी देश में सत्तारूढ़ तालिबान का गढ़ ही सुरक्षित नहीं है।

यह भी पढ़ें- तालिबानी हुकूमत के बाद भूकंप के झटके से कांपा अफगानिस्तान

गौरतलब है कि आतंकी संगठन आइएसआइएस शियाओं को लगातार निशाना बना रहा है। आइएसआइएस के समर्थक सुन्नी मुस्लिम हैं। बता दें कि इससे पहले आठ अक्तूबर को कुंदुज प्रांत की शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान ब्लास्ट हुआ था। इसमें 75 से अधिक लोग मारे गए थे और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन आईएस-के ने ली थी।

घटना की जिम्मेदारी लेते हुए आईएस-के से जुड़ी आमाक संवाद एजेंसी ने हमलावर की पहचान एक उइगर मुस्लिम के रूप में की थी और दावा किया था कि इस हमले का निशाना शिया समुदाय और तालिबान दोनों थे, क्योंकि चीन के दबाव में तालिबान उइगर मुस्लिमों को बाहर निकाल रहा है।

यह भी पढ़ें- अफगानिस्तान में मस्जिद में जुमे की नमाज के बीच बम ब्लास्ट, 75 की मौत, कई घायल