अनिश्चितकाल के लिए विधानसभा स्थगित, बजट सत्र में पांच विधेयक पारित

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में शनिवार को वित्त वर्ष 2024-2025 के प्रस्तावित आय-व्ययक (बजट) को मंजूरी मिल गयी और इसी के साथ ही निर्धारित अवधि से दो दिन पूर्व विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गयी। विधानसभा में शनिवार को राज्य के वित्त व संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्‍ना ने 2024-2025 के प्रस्तावित बजट को पारित करने के लिए सदन के समक्ष उप्र विनियोग विधेयक, 2024 पेश कया।​

विधेयक के पक्ष में बहुमत होने से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने इसके पारित किये जाने की घोषणा की। वित्त मंत्री खन्ना ने पांच फरवरी को विधानसभा में सात लाख 36 हजार 437 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। सदन में कार्यवाही में सहयोग के लिए विधानसभा अध्यक्ष महाना और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्‍ना ने सभी दल के नेताओं और सदस्यों के प्रति आभार जताया। खन्‍ना ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का प्रस्ताव रखा, अध्यक्ष महाना ने विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा की।

यह भी पढ़ें- विधानमंडल सत्र के दूसरे दिन शोक प्रस्ताव पारित, पांच फरवरी को पेश होगा बजट

विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही दो फरवरी से 12 फरवरी तक निर्धारित थी। विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे द्वारा विधायकों को दिए गए पत्र में विधानसभा की कार्यवाही 12 फरवरी तक के लिए निर्धारित की गयी थी। विधानसभा के एक अधिकारी ने बताया कि विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही दो फरवरी से दस फरवरी तक कुल 55 घंटे नौ मिनट तक चली। सदन की कार्यवाही एक मिनट के लिए भी स्थगित नहीं हुई।

ये पांच विधेयक हुए प्रस्तुत

1- उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (संशोधन ) विधेयक, 2024
2- भारतीय स्टाम्प (उत्तर प्रदेश संशोधन) विधेयक, 2024
3- उत्तर प्रदेश लोक आयुक्त तथा उप लोक आयुक्त ( संशोधन ) विधेयक 2024
4- उत्तर प्रदेश लिफ्ट और ऐस्केलेटर विधेयक, 2024
5- उत्तर प्रदेश विनियोग विधेयक, 2024

यह भी पढ़ें- योगी सरकार ने पेश किया सात लाख 36 हजार करोड़ का बजट, जानें इसकी खास बातें